हापुड़ के रामलीला मैदान स्थित दशहरा मेले में नशे की हालत में बाइक चलाने और पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने पर युवक को हिरासत में लेती पुलिस।   

उत्तर प्रदेश के हापुड़ स्थित रामलीला मैदान में आयोजित दशहरा मेले के दौरान नशे की हालत में खतरनाक तरीके से बाइक चलाने और रोकने पर पुलिसकर्मियों से अभद्रता करने के आरोप में नगर कोतवाली पुलिस ने एक युवक की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल सीज कर दी। घटना मंगलवार, 20 अक्टूबर की रात की है, जब मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आम लोग मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली रोड की तरफ से आ रहा एक युवक रामलीला मैदान के गेट नंबर-1 के सामने बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को लापरवाही और खतरनाक तरीके से चला रहा था। मेले की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोककर समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि युवक ने अत्यधिक शराब पी रखी थी और वह पुलिसकर्मियों से उलझने के साथ अभद्रता करने लगा।

जांच के दौरान बाइक के पीछे की नंबर प्लेट भी गायब मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाली पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत मोटरसाइकिल को जब्त कर सीज कर दिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई भी शुरू कर दी है। आरोपी युवक प्रीत विहार का रहने वाला बताया गया है।

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिसकर्मी युवक को हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी में बैठाते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान पुलिस के रवैये को लेकर स्थानीय स्तर पर कुछ सवाल भी उठ रहे हैं।

वहीं, क्षेत्राधिकारी (सीओ) नगर दीपक चतुर्वेदी ने स्पष्ट किया कि मेले की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्ती बरती गई है। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल सीज करने की कार्रवाई नियमों के तहत की गई है। दशहरा मेले के दौरान हुई इस घटना में पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मामले में कार्रवाई की है।

Tags: