हापुड़ कलेक्ट्रेट में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा लगाने की मांग, DM को सौंपा ज्ञापन
हापुड़ में राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। जानिए कलेक्ट्रेट परिसर और सामने स्थित पार्क को लेकर संस्था ने क्या मांग रखी।
हापुड़ में आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते राष्ट्रीय सैनिक संस्था के पदाधिकारी।
हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ कलेक्ट्रेट परिसर में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने की मांग उठी है। आजाद हिंद फौज के स्थापना दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई हापुड़ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कलेक्ट्रेट परिसर या जिलाधिकारी कार्यालय के सामने स्थित उपयुक्त पार्क में नेताजी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की अनुमति देने की मांग की।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेन्द्र त्यागी ने ज्ञापन सौंपने के दौरान कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का साहस, त्याग और स्वतंत्रता के लिए किया गया संघर्ष भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उनका उद्घोष, "तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा", आज भी देशवासियों में राष्ट्रप्रेम, समर्पण और बलिदान की भावना जागृत करता है।
संस्था के जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में नेताजी की प्रतिमा स्थापित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इससे उनके योगदान को सम्मान मिलेगा और यहां आने वाली युवा तथा भावी पीढ़ियों को देशभक्ति, साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती रहेगी।
संस्था के जिला सचिव मुकेश प्रजापति ने जिला प्रशासन से मांग की कि कलेक्ट्रेट परिसर के भीतर अथवा जिलाधिकारी कार्यालय के ठीक सामने स्थित उपयुक्त पार्क में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने की तत्काल अनुमति दी जाए। संस्था का कहना है कि इससे हापुड़ जनपद में नेताजी के विचारों और आदर्शों को स्थायी सम्मान मिल सकेगा।
राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा स्थापित करने की मांग के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है। यह पहल राष्ट्र के महान सपूत के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रीय गौरव की भावना से प्रेरित है। संस्था के पदाधिकारियों के अनुसार, नेताजी जैसे महापुरुषों का सम्मान करना केवल इतिहास को याद रखना नहीं, बल्कि युवा पीढ़ी में देश के प्रति कर्तव्यबोध जगाने का माध्यम भी है।
संस्था ने आशा व्यक्त की कि हापुड़ जिला प्रशासन जनभावना और राष्ट्रहित से जुड़े इस प्रस्ताव पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर आवश्यक कदम उठाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के जिला संरक्षक शशांक मुनि त्यागी, वरिष्ठ जिला संयोजक हरिराज सिंह त्यागी, जिला संयोजक चौधरी निखिल त्यागी अहाते वाले, नगर उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, सीताराम जाटव, चौधरी कर्मवीर सिंह और राकेश प्रजापति सहित कई प्रमुख सदस्य एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।