जैथरा-सिढ़पुरा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, एक गंभीर घायल
एटा के जैथरा-सिढ़पुरा मार्ग पर धुमरी चौकी क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में ज्ञान प्रताप और मनोज की मौके पर मौत हो गई, जबकि कासगंज निवासी धर्मवीर गंभीर घायल हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र अंतर्गत धुमरी सिढ़पुरा मार्ग पर दो बाइकों की टक्कर के बाद घटनास्थल पर एकत्रित लोग और पुलिस की कार्रवाई।
एटा जनपद के थाना जैथरा क्षेत्र में धुमरी चौकी के अंतर्गत सिढ़पुरा मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मृतकों की पहचान ज्ञान प्रताप पुत्र रामप्रकाश निवासी धर्मपुरा और मनोज पुत्र आसाराम निवासी धुमरी के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक धर्मवीर पुत्र मोरपाल निवासी सरवाल, जनपद कासगंज है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
मृतक मनोज के पड़ोसी राजकुमार के अनुसार, मनोज के घर पर राजमिस्त्री काम कर रहे थे। इसी वजह से वह बुधवार को घर से देर से निकले थे। मनोज की जनपद कासगंज के सरवाल में पैथोलॉजी लैब है, जहां वह रोजाना सुबह करीब नौ बजे पहुंचते थे। काम में व्यस्त रहने के कारण बुधवार को वह लगभग तीन बजे घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में सामने से आ रही बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई, जिसमें उनकी जान चली गई।
धुमरी चौकी प्रभारी धर्मेश कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि धर्मवीर नाम का युवक घायल अवस्था में मिला। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की जा रही है।
हादसे में दो लोगों की मौत से उनके परिजनों में शोक की लहर है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी जांच के बाद स्पष्ट होगी।