कासगंज में बीज विक्रेताओं पर छापेमारी, 7 नमूने जांच को भेजे, 5 फर्मों को नोटिस
जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने तीन तहसीलों में जांच कर 5 फर्मों को नोटिस थमाया, किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज देने का निर्देश।
कासगंज के बीज संयंत्र में अधिकारी निरीक्षण के दौरान अभिलेख और व्यवस्थाएं जांचते हुए दिखे।
कासगंज में किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बीज विक्रेताओं के यहां छापेमार कार्रवाई की। जिला अधिकारी के निर्देश पर जनपद की कासगंज, सहावर और पटियाली तहसीलों में अलग-अलग टीमों का गठन कर बीज बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बीज विक्रेताओं के यहां से 7 बीज नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। वहीं, अभिलेख अपूर्ण मिलने पर पांच बीज विक्रेता फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
जिला अधिकारी कासगंज द्वारा गठित टीमों में कासगंज तहसील के लिए जिला कृषि अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी सदर, सहावर तहसील के लिए उप कृषि निदेशक एवं उपजिलाधिकारी सहावर तथा पटियाली तहसील के लिए उपजिलाधिकारी पटियाली एवं अपर जिला कृषि अधिकारी को शामिल किया गया। इन अधिकारियों के नेतृत्व में टीमों ने जनपद के बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमार कार्रवाई कर बीज की गुणवत्ता और संबंधित अभिलेखों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान हरिहर सीड्स मोहनपुरा, मनाली सीड्स मोहनपुरा, बालाजी ट्रेडिंग कंपनी मोहनपुरा, कृष्णा खाद बीज भण्डार अमांपुर रोड, कासगंज एवं मै० आदित्य इण्टरप्राइजेज, बरी बगवास, गंजडुंडवारा के अभिलेख अपूर्ण पाए गए। इस पर संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिला कृषि अधिकारी कासगंज ने निरीक्षण के दौरान बीज विक्रेताओं को विक्रय रजिस्टर, स्टॉक एवं साइन बोर्ड, कैश मेमो सहित अन्य आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। साथ ही किसानों को बीज खरीदने पर अनिवार्य रूप से क्रय रसीद या बिल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के तहत बीजों के 7 नमूनों को प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजने के साथ ही अभिलेखों में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्मों से जवाब मांगा गया है। कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराना और बीज विक्रय से जुड़े अभिलेखों को व्यवस्थित रखना है।