महिला पुलिसकर्मी हापुड़ के बाजार में संदिग्ध युवक से पूछताछ कर विवरण दर्ज कर रही हैं।

हापुड़ में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला सुरक्षा दल ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। उत्तर प्रदेश सरकार के इस अभियान के अंतर्गत जिले के प्रमुख बाजारों, चौराहों और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई। इसका उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाना तथा सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाना है।

हापुड़ पुलिस की एंटी रोमियो टीमों ने जिले के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, गांवों, कस्बों और पार्कों के आसपास विशेष चेकिंग की। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लड़कों और युवकों से पूछताछ की गई। पुलिस ने बिना किसी कारण सड़कों और बाजारों में खड़े होकर माहौल खराब करने वाले मनचलों और शोहदों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया।

मिशन शक्ति 6.0 के तहत चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के मन से डर दूर करना और उन्हें सुरक्षा तथा सशक्तिकरण का अहसास कराना है। पुलिस प्रशासन इस कार्रवाई के माध्यम से ऐसा माहौल तैयार करने पर जोर दे रहा है, जिसमें महिलाएं बिना किसी संकोच या डर के अपने घरों से बाहर निकल सकें।

हापुड़ पुलिस की ओर से एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला सुरक्षा दल के जरिए की जा रही यह कार्रवाई महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही है। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि मनचलों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके और जिले में महिलाओं तथा बालिकाओं के लिए सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के प्रयास जारी रहें।

Tags: