अधिकारी मतदान केंद्र पर दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं।

हापुड़ जिले के पिलखुवा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने अस्वच्छ परिस्थितियों में मिठाई बनाने के मामले में तिरुपति बंगाली स्वीट्स के कारखाने पर औचक छापेमारी की। परतापुर रोड स्थित इस कारखाने में छेना मिठाई और गुलाब जामुन का निर्माण बेहद गंदगी के बीच किया जा रहा था। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 650 किलोग्राम छेना मिठाई और गुलाब जामुन नष्ट करा दिए। इनकी बाजार कीमत लगभग 97,000 रुपये आंकी गई है। विभाग ने खाद्य कारोबार का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद कराकर संचालक को सुधार नोटिस भी जारी किया है।

यह कार्रवाई आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश के आदेश और जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देशन में की गई। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम परतापुर रोड, पिलखुवा देहात स्थित तिरुपति बंगाली स्वीट्स के कारखाने पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान वहां बेहद गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में छेना मिठाई तथा गुलाब जामुन बनाए जा रहे थे। भंडारित मिठाइयों की स्थिति भी स्वास्थ्य के लिहाज से बेहद खतरनाक पाई गई।

कारखाने में मिठाइयों के निर्माण और भंडारण की स्थिति सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावट और गुणवत्ता की जांच के लिए चार अलग-अलग नमूने सील किए। इनमें छेना मिठाई, गुलाब जामुन, कच्चा छेना और चीनी के नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को सुरक्षित कर जांच के लिए क्षेत्रीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक, अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की गई 650 किलोग्राम मिठाइयों को मौके पर ही पूरी तरह नष्ट करा दिया गया, ताकि उन्हें जनता तक पहुंचने से रोका जा सके। इसके साथ ही खाद्य कारोबार का संचालन पूरी तरह बंद करा दिया गया और संचालक को सुधार नोटिस थमाया गया है।

सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि क्षेत्रीय खाद्य प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद कारोबारी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मिठाइयों के चार नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Tags: