हापुड़-बुलंदशहर रोड पर अवैध प्लाटिंग के निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त करती हुई प्राधिकरण की टीम।

हापुड़-बुलंदशहर रोड पर हजारों वर्ग गज में की जा रही अवैध प्लाटिंग के खिलाफ हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (HPDA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। प्राधिकरण के दस्ते ने अवैध कॉलोनी में किए गए निर्माण और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से जमीन काटने वाले भूमाफियाओं और डीलरों में हड़कंप मच गया।

प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक, बुलंदशहर रोड पर बिना स्वीकृत ले-आउट और बिना अनुमति के बड़े पैमाने पर अवैध कॉलोनी काटी जा रही थी। इस संबंध में शिकायत मिलने के बाद HPDA की टीम भारी पुलिस बल और बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध प्लाटिंग के तहत किए गए निर्माण और बाउंड्रीवॉल को जमींदोज कर दिया।

अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही HPDA प्रशासन ने आम जनता को भी सतर्क किया है। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि वे किसी के बहकावे में आकर अवैध कॉलोनियों में प्लॉट न खरीदें। जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण कार्यालय से संबंधित भूमि के स्वीकृत ले-आउट की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में उनकी गाढ़ी कमाई डूबने का खतरा न रहे।

HPDA प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रहेगी। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के साथ-साथ बिना स्वीकृति वाली जमीन खरीदने की योजना बना रहे लोगों को भी सतर्क रहने का संदेश दिया गया है।

Tags: