आबकारी विभाग के अधिकारी हापुड़ के ग्रामीण क्षेत्र में सघन छापेमारी करते हुए दिख रहे हैं।

आगामी त्योहारों और ऐतिहासिक गढ़मुक्तेश्वर मेले को देखते हुए हापुड़ और अमरोहा में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निष्कर्षण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। उत्तर प्रदेश शासन के सख्त निर्देशों के तहत दोनों जिलों की आबकारी टीमों ने संदिग्ध इलाकों में ताबड़तोड़ दबिश देकर अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने की कार्रवाई की।

आबकारी आयुक्त (उत्तर प्रदेश) और संयुक्त आबकारी आयुक्त (मेरठ जोन, मेरठ) के आदेशों के क्रम में यह अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी हापुड़ के निर्देशन और जिला आबकारी अधिकारी हापुड़ के मार्गदर्शन में विभाग आगामी त्योहारों और गढ़मुक्तेश्वर मेले के मद्देनजर अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतर्क है।

इसी क्रम में हापुड़ और अमरोहा की आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने कई संदिग्ध क्षेत्रों में सघन चेकिंग और छापेमारी की। टीम ने अमरोहा क्षेत्र के लाठीरा, फरीदपुर और आत्मदौली के साथ ही गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के ग्राम चकलाठिरा में दबिश दी। इन इलाकों में की गई कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार में लिप्त माफियाओं में हड़कंप मच गया।

संयुक्त छापेमारी अभियान में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 प्रियंका गुप्ता, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 विपिन मैनवाल और अमरोहा के आबकारी निरीक्षक राजेश सिंह अपने हमराही स्टाफ के साथ शामिल रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने संदिग्ध क्षेत्रों में पहुंचकर अवैध शराब के निष्कर्षण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से कार्रवाई की।

आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों और गढ़मुक्तेश्वर मेले के दौरान क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विभाग अवैध शराब के खिलाफ सख्त और दंडात्मक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रखेगा। आगामी त्योहारों और गढ़मुक्तेश्वर मेले के मद्देनजर हापुड़ और अमरोहा में संयुक्त अभियान के जरिए अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने की कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags: