तस्वीर में पिलखुवा कोतवाली परिसर में दो पुलिसकर्मियों के बीच मास्क पहने दो अभियुक्त खड़े हैं।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश)। हापुड़ जनपद में अपराध की रोकथाम और चोरों व वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिलखुवा थाना पुलिस ने ग्राम डूहरी स्थित एयरटेल टावर से हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए 2 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए 4 मॉड्यूल के साथ अवैध हथियार और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना पिलखुवा पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम डूहरी गैस एजेंसी कट से सीताराम फैक्ट्री की ओर जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जावेद पुत्र जाविर निवासी पूजा कॉलोनी, थाना ट्रानिका सिटी, जनपद गाजियाबाद और मौ० हसन पुत्र रहमत शाह निवासी नरेटा मोहम्मदपुर, थाना असमोली, जनपद संभल के रूप में हुई है।

पुलिस ने दोनों के कब्जे से ग्राम डूहरी स्थित एयरटेल टावर से चोरी किए गए 04 मॉड्यूल बरामद किए हैं। यह बरामदगी संबंधित मु०अ०सं० 491/26 धारा 303(2) बीएनएस से जुड़ी है। इसके अलावा आरोपियों के पास से अपराध में इस्तेमाल करने के लिए रखे गए 02 अवैध चाकू भी बरामद हुए।

पुलिस ने चोरी करने में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं, जिनमें 01 प्लास, 03 पाना और 01 रिंच आदि शामिल हैं।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पिलखुवा थाना पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार बालियान, उप-निरीक्षक शिवशंकर शर्मा, उप-निरीक्षक अनुज पाराशर, हेड कांस्टेबल 54 अभिषेक, हेड कांस्टेबल 828 अंकित सैनी और कांस्टेबल 413 वकील अहमद शामिल रहे।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों को जेल भेजने की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के साथ ग्राम डूहरी स्थित एयरटेल टावर से हुई चोरी की घटना में पुलिस ने चोरी का माल, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल उपकरण बरामद किए हैं।

Tags: