तस्वीर में पुलिस थाने के भीतर दो महिला पुलिसकर्मियों के बीच खड़ा एक युवक दिख रहा है।

हापुड़ देहात पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के तहत कार्रवाई करते हुए महिलाओं पर अश्लील फब्तियां कसने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने आरोपी को महिलाओं पर अश्लील टिप्पणियां करते हुए पकड़ा।

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों पर राज्य भर में चलाए जा रहे "मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण)" के अंतर्गत हापुड़ देहात थाने की एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मोहल्ला समर गार्डन के पास पुलिस टीम ने महिलाओं को देखकर अश्लील टिप्पणियां कर रहे युवक को दबोच लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शमशाद पुत्र इजामुद्दीन के रूप में हुई है। वह करीमपुरा कॉलोनी, बुलंदशहर रोड, थाना हापुड़ नगर (जनपद हापुड़) का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में थाना हापुड़ देहात की एंटी रोमियो टीम की म०उ०नि० रश्मी, उ०नि० नकुल कुमार, का० 56 कुलदीप सिंह और म०का० 545 अंजलि की मुख्य भूमिका रही।

हापुड़ पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बालिकाओं के साथ घटित होने वाले अपराधों पर रोक लगाने तथा उन्हें सुरक्षित व सशक्त महसूस कराने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Tags: