तस्वीर में कलेक्ट्रेट परिसर में सीढ़ियों पर बैठकर विरोध जताते पीड़ित परिवार के लोग।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में बहुचर्चित गौरव त्यागी हत्याकांड को लेकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। सोमवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और पीड़ित परिवार के समर्थक कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाते हुए अपनी मांगों को लेकर विरोध जताया।

कलेक्ट्रेट पहुंचे प्रदर्शनकारियों और पीड़ित पक्ष ने जिला प्रशासन पर मांगों को लगातार टालने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि प्रशासन पीड़ित परिवार की जायज मांगों को लगातार ‘शासन स्तर’ का मामला बताकर टाल रहा है। प्रदर्शनकारियों और पीड़ित पक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि आरोपियों को किसी भी स्तर पर राजनीतिक या प्रशासनिक संरक्षण मिला तो इसके विरोध में बड़ी महापंचायत बुलाई जाएगी।

दिवंगत गौरव त्यागी के परिजनों ने अपने छोटे बच्चों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रशासन के सामने प्रमुखता से उठाया। परिवार का आरोप है कि आरोपियों के हौसले अभी भी बुलंद हैं और इसके चलते घर के मासूम बच्चों की जान को खतरा बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने बच्चों को तत्काल पुख्ता पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।

गौरव त्यागी हत्याकांड का मामला बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मोहम्मदपुर आजमपुर से जुड़ा है। यहां रहने वाले गौरव त्यागी की 18 अगस्त को लाठी-डंडों और हथौड़ों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस मुख्य आरोपियों समेत कई लोगों को जेल भेज चुकी है और पुलिस मुठभेड़ भी हो चुकी है।

हालांकि, पीड़ित परिवार का कहना है कि उनकी सभी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। परिवार की प्रमुख मांगों में आर्थिक सहायता, शस्त्र लाइसेंस और बच्चों की सुरक्षा शामिल हैं। कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन और महापंचायत की चेतावनी के बाद गौरव त्यागी हत्याकांड में पीड़ित परिवार की मांगों को लेकर मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Tags: