तस्वीर में पुलिसकर्मी रेलवे ट्रैक पर टॉर्च की रोशनी में जांच करते दिख रहे हैं।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) :- जनपद के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में हाफिजपुर से बृजनाथपुर नहर पुल के बीच रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। शनिवार रात हुए हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। ट्रेन की टक्कर से युवक का शव क्षत-विक्षत हो गया था। पुलिस ने शव के अंगों को एकत्र कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात करीब 8:30 बजे आरपीएफ मुरादाबाद कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली कि हाफिजपुर से बृजनाथपुर नहर पुल के बीच खंबा नंबर 52/2 पर किसी अज्ञात व्यक्ति का एक्सीडेंट (रन ओवर) हो गया है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

मौके पर ट्रेन की टक्कर से युवक का शव पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में पड़ा था। उसके कपड़े, लोअर-टीशर्ट और शरीर के अन्य अंग रेलवे ट्रैक के आसपास बिखरे हुए थे। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी में ट्रैक के आसपास शव के बिखरे अंगों की तलाश की और उन्हें एक जगह एकत्र किया। इसके बाद शव को शव किट में रखकर रेलवे ट्रैक को पूरी तरह क्लियर कराया गया।

प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से रन ओवर होने का प्रतीत होने पर पुलिस ने मृतक के कपड़ों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके लोअर से मोटोरोला कंपनी का आसमानी नीले रंग का एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल की चाबी और एक सफेद पर्ची बरामद हुई। पर्ची पर मोबाइल नंबर 9557855278 लिखा हुआ था।

बरामद मोबाइल, पर्ची पर लिखे नंबर और अन्य सामान के आधार पर पुलिस ने मृतक की शिनाख्त निखिल चौधरी (उम्र करीब 25 वर्ष), पुत्र मनवीर सिंह, निवासी ग्राम अयाद नगर, थाना बाबूगढ़, जनपद हापुड़ के रूप में की।

युवक की पहचान होने के बाद पुलिस ने तत्काल उसके परिजनों को हादसे की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मोर्चरी (शवगृह) भिजवा दिया है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Tags: