तस्वीर में रात के समय खेत में ट्यूबवेल से मोटर और केबल ले जाते दो लोग दिख रहे हैं।

हापुड़ (उत्तर प्रदेश) में बेखौफ चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव लुखराड़ा में शातिर चोरों ने एक ही रात में 12 से अधिक ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर किसानों के कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों और किसानों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है।

मिली जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने गांव लुखराड़ा के जंगलों में स्थित ट्यूबवेलों को निशाना बनाया। चोरों ने एक-एक कर करीब 12 से अधिक ट्यूबवेलों के ताले चटकाए और अंदर रखा कीमती सामान चोरी कर लिया। चोरी गए सामान में बिजली की कीमती मोटरें, स्टार्टर, सैकड़ों मीटर बिजली केबल और अन्य कीमती कृषि उपकरण शामिल हैं।

सुबह जब किसान अपने खेतों पर पहुंचे तो ट्यूबवेलों के ताले टूटे मिले और अंदर रखा सामान गायब था। यह देखकर किसानों के होश उड़ गए। किसानों का कहना है कि चोरी की इस वारदात से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है, जिससे उनकी खेती-किसानी ठप होने की कगार पर पहुंच गई है।

एक ही रात में एक दर्जन से अधिक ट्यूबवेलों में चोरी की इस वारदात ने बाबूगढ़ थाना पुलिस की कार्यप्रणाली और रात में होने वाली सुरक्षा गश्त के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। ग्रामीणों के मुताबिक पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वे एक ही रात में इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, पीड़ित किसानों का कहना है कि जब तक चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं होती, तब तक उनका आक्रोश शांत होने वाला नहीं है।

Tags: