तस्वीर में त्रिपुर सुंदरी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की बैठक के बाद नजर आ रहे सदस्य।

चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के हसनपुर-कम्हरिया गांव स्थित त्रिपुर सुंदरी महाशक्तेश्वरी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक हुई। बैठक में सर्वसम्मति से दुर्गा पूजा महोत्सव समिति की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

वरिष्ठ समाजसेवी एवं पत्रकार रविशंकर मिश्रा को प्रबंधक और रामचंद्र प्रसाद को अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। शंकर जायसवाल को महामंत्री, राजन गुप्ता को मंत्री, अभिषेक जायसवाल को उपमंत्री और जयप्रकाश को संरक्षक बनाया गया। बाबूनंदन शर्मा को आय-व्यय निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई।

विकास सहित अन्य सदस्यों को उपाध्यक्ष, मुंशी और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। मंदिर के पुजारी गुलाब के साथ अभय नर्सिंग, राहुल, चंदन, सुजीत यादव, सुभाष यादव, शशिकांत और रामकरन समेत अन्य लोगों को समिति में सदस्य के रूप में शामिल किया गया।

बैठक में तय किया गया कि इस वर्ष शारदीय नवरात्र के अवसर पर चार दिवसीय दुर्गा पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इसके लिए मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों और फूलों से सजाया जाएगा। महोत्सव के दौरान मां दुर्गा का भव्य श्रृंगार, प्रतिदिन आरती, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति की ओर से बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रसाद वितरण और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की जाएगी। महिलाओं और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए अलग से दर्शन की व्यवस्था करने की भी योजना बनाई गई है।

समिति के प्रबंधक रविशंकर मिश्रा ने कहा कि दुर्गा पूजा महोत्सव धार्मिक आयोजन के साथ-साथ सामाजिक एकता और क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का माध्यम भी बनेगा। समिति आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियों में जुट गई है।

Tags: