चंदौली में 1.50 करोड़ की अवैध शराब बरामद, हरियाणा से बिहार जा रहा ट्रक जब्त
लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर लाई जा रही 1185 पेटी शराब पुलिस ने चेकिंग के दौरान पकड़ी, राजस्थान निवासी आरोपी गिरफ्तार।
तस्वीर में कोतवाली सैयदराजा के बाहर बरामद शराब की पेटियों संग पुलिस टीम और आरोपी दिख रहे हैं।
चंदौली। सैयदराजा पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई में अंतरराज्यीय शराब तस्करी का खुलासा करते हुए एक अशोक लेलैण्ड ट्रक से 1185 पेटी यानी 10,451.52 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है। मौके से राजस्थान निवासी 23 वर्षीय शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, रविवार को NH-19 पर काले शाह बाबा की मजार के पास वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान चंदौली की ओर से आ रहे संदिग्ध ट्रक MH 18 BZ 7720 को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ट्रक से उतरकर भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
ट्रक की तलाशी के दौरान पीली प्लास्टिक की बोरियों में भरे लकड़ी के बुरादे के नीचे शराब की पेटियां छिपी मिलीं। बरामद शराब में Kings Gold, Imperial Blue, McDowell’s, Party Special और Super Jubilee ब्रांड शामिल हैं। पुलिस ने कुल 1185 पेटियों में 10,451.52 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह हरियाणा के पानीपत के पास से शराब लेकर बिहार जा रहा था। इसके बदले उसे एक लाख रुपये मिलने थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सैयदराजा थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के साथ ट्रक, आईफोन समेत अन्य सामान भी बरामद किया। पुलिस की इस कार्रवाई में लकड़ी के बुरादे के नीचे छिपाकर ले जाई जा रही बड़ी मात्रा में अवैध शराब का खुलासा हुआ और आरोपी को ट्रक समेत गिरफ्तार किया गया।