तस्वीर में थापड़ावाली गांव के सामुदायिक भवन में प्रशिक्षण के बाद प्रमाण-पत्र दिखाती महिलाएं।

उदयपुर जिले में ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने की पहल के तहत SK RISEHUB SEVA TRUST INDIA की ओर से तहसील ऋषभदेव के ग्राम थापड़ावाली स्थित सामुदायिक भवन में 26 एवं 27 सितंबर को दो दिवसीय निशुल्क हर्बल साबुन निर्माण प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में करीब 20 महिलाओं एवं युवतियों ने भाग लिया। प्रशिक्षणार्थियों को हर्बल साबुन निर्माण की प्रक्रिया, गुणवत्ता और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती पूजन, भगवान गणेश की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच श्रीमती जीवली देवी जी, श्री चेतन जी, वार्ड पंच लक्ष्मण जी, समाज प्रमुख गौतम जी, समाजसेवी रूपलाल जी एवं रामलाल जी सहित ग्रामीणजन मौजूद रहे। अतिथियों ने महिलाओं को प्रशिक्षण का लाभ लेकर कौशल और स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षणार्थियों को संस्था की ओर से प्रमाण-पत्र और स्टार्टअप किट प्रदान की गई। दोनों दिनों प्रशिक्षणार्थियों के लिए अल्पाहार एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई। समापन अवसर पर लड्डू भी वितरित किए गए।

पायल कंवर को उदयपुर जिला कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी

संस्था की ग्राम सेविका पायल कंवर जी के सक्रिय कार्य एवं सहभागिता को देखते हुए उन्हें उदयपुर जिला कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई। संस्था के संस्थापक एवं प्रेसिडेंट एस.के. शर्मा ने उन्हें नियुक्ति पत्र, जिला कोऑर्डिनेटर आईडी कार्ड, संस्था का प्रतीक चिन्ह एवं ₹5,000 की सहयोग राशि का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

पायल कंवर ने उदयपुर के साथ डूंगरपुर, बांसवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक महिलाओं को संस्था की गतिविधियों और कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए प्रयास करने की बात कही।

ग्राम सेविकाओं और प्रशिक्षकों का सम्मान

कार्यक्रम में ग्राम सेविका उर्मिला जी, कांता जी, शमिष्ठा जी (डूंगरपुर) एवं ओमकंवर जी (प्रतापनगर, उदयपुर) को आईडी कार्ड, प्रमाण-पत्र और संस्था का प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया। इसी क्रम में सिलाई मास्टर ट्रेनर प्रवीणी जी, पार्लर मास्टर ट्रेनर पूजा वैष्णव जी तथा साक्षर दीदी प्यारी देवी जी को भी सम्मानित किया गया।

साक्षर दीदी प्यारी देवी ग्रामीण बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने तथा आगामी ग्राम पाठशाला गतिविधियों में सहयोग की दिशा में कार्य करेंगी।

संस्था के संस्थापक एवं प्रेसिडेंट एस.के. शर्मा ने कहा कि संस्था का प्रयास ग्रामीण महिलाओं को कौशल एवं स्वरोजगार से जोड़ने के साथ शिक्षा एवं सामाजिक विकास की गतिविधियों को गांवों तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्राम सेविकाओं से अधिक महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं समाजसेवियों से ग्राम पाठशाला के माध्यम से बच्चों की शिक्षा में अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में संस्था के विशेष सहयोगी बंसीलाल जी, राजकुमार जी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक नरेजी जी सहित अन्य ग्रामीणजन मौजूद रहे। संस्था की चीफ सेक्रेटरी भगवती देवी जी एवं समस्त श्रेष्ठ परिवार की ओर से सभी ग्राम सेविकाओं एवं प्रशिक्षकों को शुभकामनाएं दी गईं।

SK RISEHUB SEVA TRUST INDIA का राष्ट्रीय कार्यालय जयपुर, राजस्थान में तथा उदयपुर जिला कार्यालय प्रतापनगर, उदयपुर में संचालित है। जिला कोऑर्डिनेटर पायल कंवर जी के माध्यम से उदयपुर जिले में संस्था की गतिविधियों एवं ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Tags: