गायत्री नगर जैन मंदिर में 16 दिवसीय सहित उपवास करने वाले तपस्वियों का सम्मान
जयपुर के गायत्री नगर जैन मंदिर में दस लक्षण महापर्व के समापन पर 16, 11, पांच और तीन दिवसीय उपवास करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया गया। बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा भी निकाली गई।
तस्वीर में जयपुर के गायत्री नगर जैन मंदिर में दस लक्षण महापर्व के समापन अवसर पर उपवास करने वाले तपस्वियों और समाजजन नजर आ रहे हैं।
जयपुर, 26 सितंबर। श्री दिगंबर जैन मंदिर गायत्री नगर, महारानी फार्म जयपुर में दस लक्षण महापर्व के समापन पर 16 दिवसीय, 11 दिवसीय, पांच दिवसीय और तीन दिवसीय उपवास करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया गया। मंदिर प्रबंध समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में तपस्वियों को बग्गी में बैठाकर बैंड बाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई।
मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने बताया कि गायत्री नगर मंदिर में विमला जैन पापड़ीवाल ने 11 दिन, संगीता लुहाडिया ने 11 दिन और उर्मिला श्रीमाल ने 11 दिन के दस लक्षण धर्म उपवास किए।
मनोज जैन वोहरा ने गोलोक धाम, चाकसू में परम पूज्य आचार्य श्री प्रज्ञा सागर जी महाराज के सानिध्य में 16 दिन के 16 कारण के उपवास किए। अंकिता काला ने पांच दिन के और अनीता रावका बयाना वालों ने पांच दिन के पंच मेरु के उपवास किए।
सम्यक सोनी, आरती सोनी, आशी जैन, इशिका जैन पाटनी, रोमित जैन, शुभम जैन सेठी, राजू जैन, महक जैन, भाविक झांझरी, रेणु जैन, नव्या जैन बेनाडा, दीक्षा जैन, मोहित जैन भोंसा, सुनीता जैन बडजात्या, अनीता छावड़ा एवं राकेश पटौदी ने तीन दिन के उपवास किए।
मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सभी उपवास करने वाले तपस्वियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने त्याग करने वाले तपस्वियों की कोटि-कोटि अनुमोदना की। सभा का संचालन मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष अरुण शाह ने किया।