खेरवाड़ा: सम्मेद शिखरजी की यात्रा के लिए रवाना हुआ जैन श्रद्धालुओं का दल
समाजजनों ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देकर विदा किया; आत्मकल्याण और संयम के साथ सुखद व निर्विघ्न यात्रा की कामना की।
खेरवाड़ा में वाहनों के आगे खड़े सम्मेद शिखरजी यात्रा पर जाने वाले जैन श्रद्धालु।
खेरवाड़ा। जैन धर्म के शाश्वत तीर्थ क्षेत्र श्री सम्मेद शिखरजी की पावन यात्रा के लिए जैन यात्रियों का दल श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। यात्रा पर प्रस्थान करने वाले संतोष, सतीश, बाबुभाई, राकेश एवं गिरीश सहित सभी यात्रियों को समाजजनों ने शुभकामनाएं देते हुए मंगलमय यात्रा के लिए विदा किया।
इस अवसर पर समाजजनों ने भगवान आदिनाथ से यात्रियों की यात्रा सुरक्षित, निर्विघ्न और सफल होने की प्रार्थना की। साथ ही सभी यात्रियों के स्वस्थ शरीर, शांत मन, दृढ़ आत्मबल और संयम की कामना की गई।
समाजजनों ने कहा कि सम्मेद शिखरजी की यात्रा केवल तीर्थ भ्रमण नहीं, बल्कि आत्मकल्याण, साधना और मोक्षमार्ग की ओर बढ़ने का पावन अवसर है। यात्रियों ने भी श्रद्धा और भक्ति के साथ तीर्थ दर्शन कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का संकल्प व्यक्त किया।
इस दौरान “णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्व साहूणं” का स्मरण करते हुए यात्रियों को मंगलकामनाओं के साथ विदा किया गया।