तस्वीर में खेरोदा के खेल मैदान पर आयोजित जिला स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता के समापन समारोह के दौरान अतिथि विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करते हुए नजर आ रहे हैं.   

खेरोदा, 26 सितंबर। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, खेरोदा के खेल मैदान पर आयोजित चार दिवसीय 70वीं जिला स्तरीय 17 व 19 वर्ष बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हुआ। 19 वर्ष आयु वर्ग में सेंट ग्रेगोरियस सीनियर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर और 17 वर्ष आयु वर्ग में सीपीएस उदयपुर की टीम ने विजेता बनकर खिताब अपने नाम किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र कुमार बडाला रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (भिंडर) राजेंद्र कुमार चौबीसा ने की, जबकि एसीबीईओ रमेश कुमार खटीक विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

संस्था प्रधान रीता त्रिवेदी ने स्वागत उद्बोधन दिया और चार दिवसीय खेल आयोजन का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस दौरान विद्यालयी छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

प्रतियोगिता के 19 वर्ष आयु वर्ग के फाइनल मुकाबले में सेंट ग्रेगोरियस सीनियर सेकेंडरी स्कूल उदयपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वाना की टीम उपविजेता रही। 17 वर्ष आयु वर्ग में सीपीएस उदयपुर की टीम विजेता बनी, जबकि मेजबान महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय खेरोदा की टीम उपविजेता रही।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में 19 वर्ष वर्ग में लविषा डांगी को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, नैनिशा दमामी को सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर और मीनाक्षी को सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर चुना गया। 17 वर्ष वर्ग में चंचल जणवा को सर्वश्रेष्ठ अटैकर, दीपांशी को ऑलराउंडर और साक्षी जाट को सर्वश्रेष्ठ सेटर के पुरस्कार से नवाजा गया। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि महेंद्र कुमार बडाला ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने बालिकाओं से अनुशासन, निरंतर अभ्यास और सच्ची खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। अध्यक्षता कर रहे सीबीईओ राजेंद्र कुमार चौबीसा और विशिष्ट अतिथि रमेश कुमार खटीक ने आयोजन समिति के प्रबंधन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्रतियोगिता के सफल संचालन में सहयोग देने वाले क्षेत्र के भामाशाहों, जनप्रतिनिधियों, तकनीकी अधिकारियों, निर्णायकों, शारीरिक शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का संचालन नवीन कुमार भट्ट ने किया। उप प्राचार्य चंद्र प्रकाश आचार्य ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। अंत में मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। इसके बाद ध्वज समर्पण और राष्ट्रगान के साथ चार दिवसीय जिला स्तरीय बालिका वॉलीबॉल प्रतियोगिता का समापन हुआ।

Tags: