ईंटाली में आंगन मिलन कार्यक्रम के दौरान रंगोली के पास एकत्र हुए ग्रामीण और कार्यकर्ता।

फतहनगर। मावली तहसील के ईंटाली में राज्य सरकार के निर्देशानुसार पंचायत भवन में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा सहयोगिनियों का सम्मान किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं के लिए गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं एवं माताओं को आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी गई। गर्भवती महिलाओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण, बच्चों के टीकाकरण, नवजात शिशुओं की देखभाल तथा बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। महिलाओं को पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों के बारे में भी बताया गया।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लक्ष्मी देवी पुष्करणा, कांता मेनारिया, लीला खटीक, आशा सहयोगिनी रुक्मिणी देवी, ममताज बानो एवं साथिन उषा सालवी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का उपरना ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी कैलाश सुथार, भू-अभिलेख निरीक्षक भेरूलाल, सरपंच प्रतिनिधि भरत मेनारिया, प्रेमशंकर मेनारिया, सुरेशचंद्र खटीक, मधुसूदन पारीक, एएनएम मोहिनी देवी, प्रेमजी जाट, कन्यालाल रेगर, दुर्गेश जनवा, ओमप्रकाश आमेटा सहित ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में माताएं-बहनें उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी सेवाओं, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल को लेकर महिलाओं को आवश्यक जानकारी दी गई।

Tags: