तस्वीर में मंच पर शिक्षक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते आयोजक दिख रहे हैं।

उदयपुर में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 100 उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया। रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर उद्यम डिस्ट्रिक्ट 3056 के तत्वावधान में आयोजित ‘टीचर्स ट्रिब्यूट-2026’ शिक्षक सम्मान समारोह में फतहनगर के मनोज यादव को भी शिक्षा एवं शिक्षण मार्गदर्शन के क्षेत्र में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। यादव राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढूंढिया (मावली) में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं।

समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, बेहतर शिक्षा तथा समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले शिक्षकों एवं शिक्षा मार्गदर्शकों के योगदान को सम्मान देना रहा। कार्यक्रम के लिए उदयपुर एवं आसपास के सरकारी, निजी शिक्षण संस्थानों तथा सामाजिक संगठनों से जुड़े शिक्षकों के 200 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। चयन समिति द्वारा निर्धारित मानकों के आधार पर इनमें से 100 शिक्षकों का चयन किया गया।

चयनित शिक्षकों को समारोह में स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में मनोज यादव को भी रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर उद्यम की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं सम्मान प्रदान किया गया। यादव को यह सम्मान शिक्षा एवं शिक्षण मार्गदर्शन के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को विषयगत ज्ञान देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं भविष्य की दिशा तय करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे शिक्षकों के योगदान को सार्वजनिक मंच पर सम्मानित करने से शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत अन्य शिक्षकों को भी प्रेरणा मिलती है।

समारोह में रोटरी क्लब ऑफ उदयपुर उद्यम के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, कार्यक्रम अध्यक्ष अभिषेक सेठ, सचिव सुमित चौधरी सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन समिति में डॉ. योगेश पारिक, सरविक दास कश्यप, वैभव शर्मा, जुली मर्मट, सरवर जी वारसी, डॉ. गजेंद्र जोशी एवं कुलदीप सिंह सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

कार्यक्रम में विभिन्न संस्थाओं ने ज्ञान सहयोगी के रूप में सहयोग किया। इनमें आईएफडब्ल्यू टेक्नो क्रिएशंस, शाइन अलाइन, स्ट्यू-इंडिया एड-इनोवेशंस, ट्रेड मैनियाक्स, अर्बन मीडिया, कायाकल्प नेचर क्योर, मरमत एंड एसोसिएट्स, पीवाई हेवी पावर, नमदा फरनाडोज तथा एसबी कंस्ट्रक्शन एंड इंटीरियर्स आदि शामिल रहे। समारोह में 100 शिक्षकों का सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सार्वजनिक रूप से मान्यता देने की दिशा में महत्वपूर्ण आयोजन रहा।

Tags: