तस्वीर में खेरोदा के भीगे बाजार में एक व्यक्ति छाता लिए सड़क पर पैदल चल रहा है।
उदयपुर के खेरोदा क्षेत्र में तेज धूप और उमस के बाद हुई वर्षा से तापमान में गिरावट आई, जिससे सूख रही फसलों को नया जीवन मिला।
तस्वीर में बारिश के दौरान छाता लेकर सड़क पार करता एक व्यक्ति दिख रहा है।
खेरोदा। खेरोदा कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण अंचल में पिछले 3-4 दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और तीखी उमस से परेशान ग्रामीणों को शनिवार शाम हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। दिनभर तेज धूप और चिपचिपी उमस से लोग पसीने से तर-बतर रहे, लेकिन शाम ढलते ही मौसम बदला और आसमान में घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। इसके बाद मध्यम दर्जे की बारिश का दौर शुरू हुआ, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
शाम को हुई बारिश से आमजन को गर्मी और उमस से राहत मिली। वहीं, किसानों के चेहरों पर भी खुशी लौट आई। विगत कुछ दिनों से तेज धूप के कारण खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान का अंदेशा बना हुआ था। ऐसे समय में हुई बारिश फसलों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।
ग्रामीणों और किसानों का मानना है कि बारिश से खेतों में खड़ी फसलों को नया जीवन मिलेगा और पैदावार पर सकारात्मक असर पड़ेगा। मौसम सुहावना होने के बाद लोगों ने घरों से बाहर निकलकर बारिश का आनंद लिया। खेरोदा में बारिश के बाद सड़कें भीग गईं और मौसम में ठंडक महसूस की गई।