त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज ने किया तीर्थयात्रियों का सम्मान
खड़क क्षेत्र जवास के श्रद्धालुओं ने दक्षिण भारत और 11 ज्योतिर्लिंगों की एक माह की पुण्य तीर्थयात्रा पूरी की, समाज भवन में हुआ आत्मीय अभिनंदन।
खेरवाड़ा के समाज भवन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान एक माह की देशव्यापी तीर्थयात्रा से लौटे तीर्थयात्रियों का आत्मीय अभिनंदन करते श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज खड़क क्षेत्र जवास के पदाधिकारी और सदस्य।
खेरवाड़ा में शारदीय नवरात्रि के प्रथम पावन दिवस पर श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज खड़क क्षेत्र जवास की ओर से एक माह की पुण्य तीर्थयात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। रविवार रात्रि को समाज भवन में आयोजित सम्मान समारोह में तीर्थयात्रियों के यात्रा अनुभवों की सराहना करते हुए उनके सुखद एवं मंगलमय सफर के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
नगर अध्यक्ष धनेश्वर जोशी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में दक्षिण भारत सहित देश के 11 ज्योतिर्लिंगों एवं तीन धाम की यात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालुओं का सम्मान किया गया। इसके साथ ही देवस्थान के सौजन्य से मां कामाख्या देवी के दर्शन कर लौटे निर्मला-नटवरलाल व्यास, ज्योति-सुरेशचंद्र व्यास, अनुसुइया-हरीश पानेरी, इन्द्रा-कन्हैयालाल उपाध्याय, मधु-नरेंद्र व्यास एवं जशोदाबेन जोशी का भी स्वागत और अभिनंदन किया गया।
त्रिमेस प्रवक्ता जयेश व्यास ने बताया कि समारोह में समाज अध्यक्ष हरीश पानेरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि तीर्थयात्रा केवल देवदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, अनुभव एवं आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त करने का सशक्त माध्यम भी है। यात्रा के दौरान विभिन्न तीर्थस्थलों पर समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति के लिए प्रार्थना की गई।
हरीश पानेरी ने कहा कि तीर्थयात्रा से प्राप्त सकारात्मक ऊर्जा का सदुपयोग समाज के सर्वांगीण विकास, एकता एवं उत्थान के लिए किया जाएगा। उन्होंने तीर्थयात्रा के आध्यात्मिक अनुभवों को समाज की प्रगति और सामूहिक कल्याण से जोड़ने की बात कही।
नगर अध्यक्ष धनेश्वर जोशी ने सभी तीर्थयात्रियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलकामनाएं देते हुए मां जगदम्बा से सभी पर अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की। उन्होंने कहा कि तीर्थयात्रा से प्राप्त पुण्य एवं आध्यात्मिक ऊर्जा समाज की एकता, उन्नति और खुशहाली का आधार बने।
सम्मान समारोह में पूर्व अध्यक्ष शांतिलाल व्यास, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश व्यास, राजेन्द्र पानेरी, नवनीत उपाध्याय, शैलेष उपाध्याय, पियूष उपाध्याय, दिलीप व्यास, मनोज पानेरी, हरिप्रसाद व्यास, भरत व्यास, सतीश व्यास, चंद्रेश मेहता, माया पानेरी, भाविका पानेरी सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पियूष उपाध्याय ने किया।