खेरवाड़ा: 102 वर्ष की जशोदा बाँ मेहता सम्मानित, समाज ने भेंट की पुस्तक
102 वर्ष की आयु में भी दिनचर्या स्वयं पूरा करने वाली जशोदा बाँ को श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज ने उनके निवास पर पहुंचकर अभिनंदन पत्र और पुस्तक भेंट की।
खेरवाड़ा क्षेत्र के जवास स्थित निवास पर 102 वर्षीया जशोदा बाँ मेहता को पगड़ी और अभिनंदन पत्र देकर सम्मानित करते श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी एवं उपस्थित परिवारजन।
खेरवाड़ा। उम्र के 102 वर्ष पूरे करने के बाद भी अपनी दैनिक दिनचर्या स्वयं संपादित करने वाली जशोदा बाँ मेहता आत्मनिर्भरता की मिसाल हैं। शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज खड़क क्षेत्र जवास की ओर से झूथरी निवासी जशोदा बाँ मेहता का उनके निवास पर पहुँचकर सम्मान किया गया। समाज अध्यक्ष हरीश पानेरी के नेतृत्व में पहुँचे पदाधिकारियों एवं गणमान्यजनों ने उन्हें पगड़ी, शाल, उपरणा, माला, सम्मान-पत्र एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
जशोदा बाँ मेहता, श्री पुरुषोत्तम मेहता की धर्मपत्नी हैं। इस अवसर पर उन्हें जज साहब श्री विजय कुमार द्वारा रचित पुस्तक ‘जवास प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहर’ भी भेंट की गई। समाज की ओर से शतायु वरिष्ठजनों के सम्मान एवं अभिनंदन की प्रेरणादायी पहल के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में उनके जीवनानुभवों और आत्मनिर्भरता के प्रति सम्मान व्यक्त किया गया।
1 जनवरी 1924 को जन्मी जशोदा बाँ मेहता अपने जीवन के 102 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर चुकी हैं। इस आयु में भी अपनी दिनचर्या के कार्य स्वयं करना उनकी सक्रियता, आत्मनिर्भरता और जीवटता को दर्शाता है। उनका जीवन परिवार और समाज के लिए अनुभव, संस्कार तथा प्रेरणा की अमूल्य धरोहर है।
श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज खड़क क्षेत्र जवास की ओर से वरिष्ठजनों के सम्मान की यह परंपरा लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। इसी क्रम में गत माह आदरणीय स्वर्गीय तुलसीराम जी मेहता एवं आदरणीया सूरज देवी व्यास का भी सम्मान कर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई थी। त्रिमेस प्रवक्ता जयेश व्यास ने बताया कि समाज का यह अभियान वरिष्ठजनों के प्रति आदर, कृतज्ञता और सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से भावी पीढ़ियों को वरिष्ठजनों के जीवनानुभवों और संस्कारों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।
इस अवसर पर समाज अध्यक्ष हरीश पानेरी, संरक्षक शांतिलाल व्यास, रणछोड़लाल व्यास, सुरेशचंद्र व्यास, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश व्यास एवं मंत्री घनश्याम जोशी उपस्थित रहे। परिवार की ओर से विमला देवी मेहता, मैना मेहता, चन्द्रेश मेहता, ओम प्रकाश मेहता एवं गायत्री मेहता मौजूद रहे। इनके साथ ग्रामवासी कामता प्रसाद मेहता तथा अन्य गणमान्यजन भी सपरिवार कार्यक्रम में शामिल हुए।
परिवारजनों ने समाज के प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान सभी ने मंगलकामना व्यक्त की कि समाज को वंदनीय वरिष्ठजनों का स्नेह और आशीर्वाद सदैव मिलता रहे तथा उनके अनुभवों, आदर्शों और संस्कारों से आने वाली पीढ़ियाँ निरंतर प्रेरणा प्राप्त करती रहें। समाज की यह पहल वरिष्ठजनों के योगदान के प्रति सम्मान और पीढ़ियों के बीच संस्कारों की निरंतरता को मजबूत करने के उद्देश्य से जारी है।