मावली में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम
विकल्प संस्थान की पहल पर मावली के दो स्कूलों में छात्राओं को मौलिक अधिकारों, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया।
अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर मावली में विकल्प संस्थान और स्कूल प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बालिकाओं को मौलिक अधिकारों, शिक्षा और समान अवसरों के प्रति जागरूक किया गया।
फतहनगर। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में विकल्प संस्थान की ओर से शनिवार को मावली के दो राजकीय विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बालिकाओं को उनके अधिकारों, शिक्षा और समान अवसरों के प्रति जागरूक करने के साथ बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के 42 छात्र-छात्राओं तथा कस्तूरबा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की 225 बालिकाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं को मौलिक अधिकारों, शिक्षा के महत्व, समान अवसरों और बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। बाल विवाह के प्रमुख कारणों पर चर्चा करते हुए इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। साथ ही बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और उनके महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलेश जैन और कस्तूरबा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य रोशन मखीजा ने बालिकाओं को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा, आत्मनिर्भरता और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में दोनों विद्यालयों का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। विकल्प संस्थान की ओर से मीना समरिया, वैशाली सांखला एवं नीतू सिंह ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रयासों को आगे बढ़ाना रहा।