नांदवेल में ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों पर बेलों का कब्जा, हादसे की आशंका बढ़ी
नांदवेल में ट्रांसफार्मर और बिजली खंभों पर फैली बेलों से शॉर्ट सर्किट और हादसे की आशंका, ग्रामीणों ने तत्काल सफाई की मांग की।
तस्वीर में ग्रामीण क्षेत्र में बिजली के खंभों पर बेलें लिपटी हुई दिखाई दे रही हैं।
उपखंड क्षेत्र के राजस्व ग्राम नांदवेल में विद्युत ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों पर तेजी से फैल रही बेलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। बेलों के विद्युत तारों और ट्रांसफार्मर के आसपास पहुंचने से शॉर्ट सर्किट के साथ जनहानि की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल सफाई और विद्युत लाइन की जांच कराने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, कई स्थानों पर बेलें बिजली के खंभों और तारों से लिपट गई हैं। इनके विद्युत तारों के संपर्क में आने से कई बार ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि इसके चलते किसानों की विद्युत मोटरें जलने के साथ ही घरों में लगे पंखे, फ्रिज सहित अन्य विद्युत उपकरणों के खराब होने की समस्या भी सामने आती रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत लाइन और ट्रांसफार्मर के आसपास घनी झाड़ियां तथा बेलें होने से वहां तक पहुंचना भी मुश्किल हो रहा है। बारिश के मौसम में नमी के कारण खतरा और बढ़ने की आशंका है। ऐसे में जनहानि के साथ पशुधन हानि की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से समय रहते आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से ट्रांसफार्मर तथा आसपास के विद्युत खंभों की तत्काल साफ-सफाई कराने, बेलों को हटाने और विद्युत लाइन की जांच कराने का आग्रह किया है, ताकि संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।