जादूगर युवराज की जादूगरी से मंत्रमुग्ध हुए खेरवाड़ा के दर्शक, देर रात तक चला कार्यक्रम
खेरवाड़ा गणेश उत्सव में जादूगर युवराज ने कागज से कबूतर और नोट बनाने समेत कई जादुई खेल दिखाए, देर रात तक दर्शकों ने आनंद लिया।
तस्वीर में खेरवाड़ा के बस स्टैंड पर गणेश उत्सव के दौरान जादूगर युवराज जादुई करतब दिखाते नजर आ रहे हैं।
खेरवाड़ा के बस स्टैंड पर चल रहे गणेश उत्सव के दौरान सोमवार रात जादूगर युवराज का विशेष जादुई कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऋषभदेव के मशहूर जादूगर युवराज ने एक के बाद एक हैरतअंगेज जादुई आइटम प्रस्तुत कर दर्शकों का मनोरंजन किया। कागज जलाकर कबूतर बनाने और कागज से नोट बनाने जैसे जादुई खेलों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
खेरवाड़ा एवं आसपास के क्षेत्र से सैकड़ों लोग जादुई कार्यक्रम देखने पहुंचे। जादूगर युवराज के विभिन्न करतबों और जादुई प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम देर रात तक चला, जिसका लोगों ने उत्साह के साथ आनंद लिया।
जादुई कार्यक्रम से पूर्व महाआरती का आयोजन किया गया। इसमें बदामी लाल सुथार, अशोक कुमार कलाल एवं राजेश उपाध्याय परिवार ने आरती का लाभ लिया। सभी धार्मिक अनुष्ठान आचार्य पंडित कृष्ण लाल उपाध्याय के निर्देशन में संपन्न हुए।
गणपति नवयुवक मंडल खेरवाड़ा एवं विवेक स्कूल के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना की गई। मंडल की ओर से बताया गया कि गणेश उत्सव के तहत आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मनोरंजन के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन से जोड़ना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।