झाड़ोल के आवरड़ा स्थित प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार शाम को विधि-विधान से घट स्थापना की गई।

झाड़ोल क्षेत्र में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ रविवार को धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ हुआ। उपखंड क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में मंदिरों और देवस्थलों पर विधि-विधान से घट स्थापना की गई। माता के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

झाड़ोल के आवरड़ा स्थित प्रसिद्ध चामुंडा माता मंदिर में रविवार शाम 4 बजे घट स्थापना की गई। इस अवसर पर माता रानी का विशेष श्रृंगार किया गया और विधिवत पूजा-अर्चना हुई। आयोजन के दौरान सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर माता चामुंडा के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद लिया।

वहीं, झाड़ोल के हुलाव माता मंदिर, सांडोल माता मंदिर और अंबा माता मंदिर सहित क्षेत्र के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भी नवरात्रि के अनुष्ठान शुरू हुए। गोराना, गोदाना, मगवास, गोगला, बदराना, कंथारिया और बाघपुरा सहित विभिन्न गांवों में घट स्थापना के साथ धार्मिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया।

शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही झाड़ोल क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया है। आगामी नौ दिनों तक मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और माता की आराधना का दौर चलेगा। श्रद्धालु पूरे उत्साह और आस्था के साथ मां दुर्गा की उपासना में जुटे हैं। क्षेत्र के मंदिरों में शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और भक्ति के प्रमुख केंद्र बने रहेंगे।

Tags: