तस्वीर में दो व्यक्ति शेड के भीतर गाय के बछड़े को टीका लगाते दिख रहे हैं।

पशुपालन विभाग खेरवाड़ा की ओर से वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुधन बीमा का कार्य लगातार जारी है। ब्लॉक खेरवाड़ा में इस सत्र में अब तक 4350 पशुओं का बीमा किया जा चुका है।

पशुधन को विभिन्न संक्रामक एवं गंभीर बीमारियों से बचाव के लिए विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर टीकाकरण अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके तहत अब तक खुरपका एवं मुंहपका रोग के 35,000, गलघोंटू रोग के 10,500, लंगड़ा बुखार के 3,000, लम्पी स्किन रोग के 17,000 तथा फड़किया रोग के 3,000 टीके लगाए जा चुके हैं।

उप निदेशक पशुपालन विभाग खेरवाड़ा डॉ. नरेंद्र कुमार लखारा के निर्देशन में पशु चिकित्सा प्रभारी डॉ. ओम प्रकाश के नेतृत्व में पशुपालन विभाग की टीम आवंटित लक्ष्यों के अनुरूप टीकाकरण एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का कार्य निरंतर संपादित कर रही है।

विभाग ने पशुपालकों से अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाने तथा पात्र पशुओं का मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा करवाने की अपील की है, ताकि पशुधन को बीमारी एवं आकस्मिक जोखिम से सुरक्षा प्रदान की जा सके।