पटेल जयंती पर खेरवाड़ा में गूंजे एकता के नारे, 42 गांवों के युवाओं ने निकाली विशाल वाहन रैली
सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर 42 गांवों के युवाओं ने वाहन रैली निकाली और एकता सभा का आयोजन कर राष्ट्रीय अखंडता का संदेश दिया।
खेरवाड़ा में सरदार पटेल जयंती रैली के दौरान पैदल चलते पटेल समाज के लोग दिख रहे हैं।
खेरवाड़ा में राष्ट्र नायक और भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए विशाल वाहन रैली एवं भव्य एकता सभा का आयोजन किया गया। पटेल समाज खड़क चोखला के 42 गांवों के युवाओं ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में 500 से अधिक युवा एवं समाजजन शामिल हुए। सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों के काफिले के साथ निकली रैली के दौरान पूरा कस्बा जय जवान, जय किसान और जय सरदार के नारों से गूंज उठा।
पटेल समाज खड़क चोखला के अध्यक्ष कुरी चंद पटेल और महामंत्री गौतम लाल पटेल के निर्देशन में पटेल समाज खड़क चोखला युवा संगठन खेरवाड़ा के नेतृत्व में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वाहन रैली सुबह 10:30 बजे पटेल समाज छात्रावास भवन, रानी रोड से प्रारंभ हुई। रैली में शामिल युवा डीजे की धुन पर सरदार पटेल के स्मरण में गीत गाते हुए आगे बढ़े। इस दौरान सरदार पटेल की झांकियां भी प्रदर्शित की गईं। विभिन्न समाजजनों की ओर से पूरे कस्बे में 21 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए, जबकि अलग-अलग संगठनों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर रैली का स्वागत किया।
रैली पटेल समाज छात्रावास से रवाना होकर फतेह टावर, रानी रोड, नया बस स्टैंड, मेन मार्केट, मोचीवाड़ा, आजाद चौक, पटेल बस्ती निचला खेरवाड़ा और सरदार पटेल सर्कल निचला खेरवाड़ा पहुंची। यहां से रैली पुनः पटेल समाज छात्रावास पहुंचकर संपन्न हुई। इससे पहले पटेल चौराहा पर समाज अध्यक्ष, महामंत्री और सभी शाखाओं के अध्यक्षों सहित अन्य पदाधिकारियों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
रैली के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाधिकारी मन मंथ आढ़ा के निर्देशन में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। रैली मार्ग पर संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष अमित कलाल, खेरवाड़ा ग्राम पंचायत की निवर्तमान प्रशासक लक्ष्मी अहारी और कई स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा में उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनके आदर्शों का अनुसरण करना ही उनकी 151वीं जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में समाज की सभी शाखाओं के अध्यक्ष भी उपस्थित रहे। अंत में युवा संगठन ने रैली और सभा को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम के दौरान वाहन रैली में बड़ी संख्या में युवा शामिल हुए।