खेरवाड़ा: भाजपा को झटका, 6 कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी
विधायक डॉ. दयाराम परमार की मौजूदगी में महुवाल और पहाड़ा में कई लोगों ने थामा कांग्रेस का दामन, पंचायती राज चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल।
खेरवाड़ा के रानी रोड क्षेत्र में पंचायती राज चुनाव के दौरान आयोजित जनसभा में उपस्थित ग्रामीण।
खेरवाड़ा। पंचायती राज चुनाव के बीच खेरवाड़ा क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ग्राम पंचायत महुवाल में भाजपा के छह कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधायक डॉ. दयाराम परमार ने माला पहनाकर सभी का स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने रानी रोड क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर नुक्कड़ सभाओं के माध्यम से कांग्रेस प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील भी की।
विधायक डॉ. परमार ने पंचायती राज चुनाव के मद्देनजर रानी रोड क्षेत्र का सघन दौरा किया। उन्होंने ग्रामीणों से संपर्क कर 3 नवंबर को होने वाले पंचायत समिति एवं जिला परिषद सदस्य चुनाव तथा 5 नवंबर को होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव में कांग्रेस विचारधारा के प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का आग्रह किया।
ग्राम पंचायत महुवाल में आयोजित बैठक के दौरान भाजपा के छह कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने वालों में दिनेश, रमण, अमरा मानलिया, मुकेश, नरसीज एवं हरीश शामिल हैं। विधायक परमार ने सभी को माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
इसी क्रम में पहाड़ा में आयोजित बैठक के दौरान सरकारी सेवा से सेवानिवृत्त पुजाराम डागर, गुलाब मेघवाल, मगन बारोठ, रमेश बारोठ, हरिकृष्ण, लालचंद, वालचंद पछोला, मोहनराय मेघवाल, नरसिंह परमार, कृष्णकांत शर्मा, लक्ष्मण हीरा एवं मनोहर रामकृष्ण सहित कई लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। विधायक डॉ. परमार ने सभी का माला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें कांग्रेस में सम्मान देने का भरोसा दिलाया।
बैठकों को संबोधित करते हुए विधायक परमार ने केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों पर गरीब और जरूरतमंद वर्ग के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की मनरेगा, चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा एवं दुर्घटना सहायता जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकारों ने इन योजनाओं को बंद कर दिया है। इस दौरान जिला परिषद सदस्य प्रत्याशी आशा डामोर ने भी कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
बैठकों की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा के अध्यक्ष दिनेश मीणा ने की। इस अवसर पर देहात जिला कांग्रेस महासचिव पन्नालाल परमार, सेवादल अध्यक्ष धर्मीचंद पाण्डोर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष कमला देवी परमार, एससी विभाग अध्यक्ष मोहनलाल मेघवाल, बसंत कुमार सोलविया, लिम्बाराम गरासिया, अब्दुल रहीम मकरानी, मोहसिन मकरानी, सुरेश अहारी और देवीसिंह गरासिया सहित कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
पंचायती राज चुनाव के दौरान महुवाल और पहाड़ा में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने वाले लोगों की मौजूदगी तथा विधायक डॉ. दयाराम परमार के जनसंपर्क अभियान से रानी रोड क्षेत्र में चुनावी गतिविधियों को गति मिली है।