खेरवाड़ा के दयानंद संस्थान में राष्ट्रीय एकता दिवस पर श्रमदान करते विद्यार्थी।

खेरवाड़ा के दयानंद संस्थान कनबई में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए श्रमदान एवं वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का आयोजन लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया।

इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों ने विद्यालय के समीप स्थित सभी सीसी रोड की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही विद्यालय परिसर के बगीचे में श्रमदान करते हुए वृक्षारोपण किया।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य उत्तम डी. पण्डया ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन परिचय, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए सरदार पटेल द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों का स्मरण कराया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सरदार पटेल के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंग प्रस्तुत किए। साथ ही गीत एवं नृत्य के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में अध्यापिका सुशीला मेघवाल, जयश्री कलाल, इन्दू भगोरा, सारिका गमेती एवं माया पण्डया ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन सीमा गमेती ने किया। अंत में सभी ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' का गायन किया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने श्रमदान, स्वच्छता और वृक्षारोपण के जरिए सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया।

Tags: