राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंदोली में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान मंच पर बैठे नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और अतिथि।

राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गंदोली में शुक्रवार को नवगठित ग्राम पंचायत गंदोली के नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच, वार्ड पंचों एवं उनके प्रतिनिधियों का स्वागत, अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय के विकास में हरसंभव सहयोग देने और शैक्षणिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का आश्वासन दिया।

उल्लेखनीय है कि नवगठित पंचायत समिति घासा में सर्वाधिक मतों से जीत दर्ज करने वाली सुशीला डांगी ग्राम पंचायत गंदोली की सरपंच निर्वाचित हुई हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच सुशीला डांगी के प्रतिनिधि कैलाश डांगी, अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपसरपंच नर्बदा डांगी के प्रतिनिधि मुकेश डांगी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वार्ड पंच एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह में वार्ड संख्या एक की निर्मला डांगी के प्रतिनिधि कैलाश डांगी, वार्ड संख्या दो के नरेंद्र प्रजापत की प्रतिनिधि शांता देवी प्रजापत, वार्ड संख्या तीन के वार्ड पंच कैलाश डांगी, वार्ड संख्या चार के डालचंद डांगी, वार्ड संख्या छह के जितेंद्र डांगी एवं वार्ड संख्या सात के भेरा भील शामिल हुए। इनके अलावा ग्राम पंचायत सांगवा की पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (पीईईओ) सुनीता बोरीवाल एवं सचिव मांगीलाल आमेटा भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का मेवाड़ी पाग एवं उपरना पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। वहीं, विद्यालय के स्काउट-गाइड बालक-बालिकाओं ने विशेष स्काउट क्लैपिंग के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। समारोह का संचालन अभिषेक शर्मा ने किया।

इस अवसर पर नवगठित ग्राम पंचायत गंदोली के तीनों बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) सतीश चौधरी, पप्पू दास वैष्णव एवं जितेश गुप्ता को निर्वाचन संबंधी कार्यों में सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सरपंच प्रतिनिधि कैलाश डांगी ने कहा कि ग्राम पंचायत की पहली प्राथमिकता विद्यालय का विकास करना रहेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय के विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और पूरी ग्राम पंचायत विद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए सदैव तत्पर रहेगी।

पीईईओ सुनीता बोरीवाल ने कहा कि ग्राम पंचायत, जनप्रतिनिधियों एवं विद्यालय प्रबंधन के बीच आपसी समन्वय और सहयोग से ही विद्यालय तथा विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनिता आर्य ने स्वागत उद्बोधन देते हुए बताया कि विद्यालय का समस्त स्टाफ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूर्ण निष्ठा और लगन से कार्य कर रहा है। उन्होंने विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा-कक्षों की आवश्यकता बताते हुए प्रार्थना सभा एवं मध्याह्न भोजन के लिए छायादार स्थान उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से डोम निर्माण की मांग रखी।

शारीरिक शिक्षक गोपाल लाल मेहता ने विद्यालय के खेल मैदान के लिए पूर्व में आवंटित भूमि पर चारदीवारी निर्माण करवाने तथा विभिन्न खेलों के मैदान तैयार करने के लिए भूमि का समतलीकरण करवाने की आवश्यकता बताई। वहीं, नवगठित ग्राम पंचायत बनने से पहले गंदोली की पंचायत रही ग्राम पंचायत सांगवा के सचिव मांगीलाल आमेटा ने जानकारी दी कि गंदोली विद्यालय में दो कक्षा-कक्षों के निर्माण की स्वीकृति ग्राम पंचायत सांगवा को प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ करवाया जाएगा।

समारोह में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष विद्यालय की आवश्यकताओं को रखा और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं के विकास में सामूहिक सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों की ओर से मिले सहयोग के आश्वासन के साथ विद्यालय के शैक्षणिक एवं भौतिक विकास से जुड़ी आवश्यकताओं पर भी ध्यान आकर्षित किया गया।

Tags: