तस्वीर में सफेद कुर्ते में एक व्यक्ति पोडियम पर खड़े होकर हॉल में बैठे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

कानोड। नगर पालिका क्षेत्र के तुलसी अमृत निकेतन संस्थान द्वारा संचालित तुलसी अमृत उ.प्रा.विद्यालय में संस्कृत सप्ताह का समापन समारोह आयोजित किया गया। श्रावण त्रयोदशी से शुरू हुए संस्कृत सप्ताह के तहत संस्कृत श्लोक, संभाषण, त्रिभाषा सूत्र, पोस्टर सहित विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

समापन कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं संचालक मनोज भनावत ने कहा कि संस्कृत संस्कार देने वाली भाषा है, जो हमें अपनों का सम्मान करना सिखाती है। संस्थान के मंत्री ताराचंद जैन ने संस्कृत के विभिन्न विद्वानों का जीवन परिचय प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वन्दना से हुई। रेखा त्रिपाठी ने नवकार मंत्र व गुरु वन्दना का गायन किया।

प्रधानाध्यापक दीपक शर्मा ने संस्कृत सप्ताह के दौरान आयोजित कार्यक्रमों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। पूरा कार्यक्रम संस्कृत भाषा में ही सम्पन्न हुआ। इसे देखकर संचालक मनोज भनावत ने कहा कि आधुनिक शिक्षा के दौर में भी संस्कृत के प्रति जागरूकता शिक्षा के प्रति सजगता को बताती है।

कार्यक्रम का संचालन संस्कृत भाषा में छात्रा कुसुम सुथार व अध्यापिका हर्षिता वया ने किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम अंकुर सुथार तथा द्वितीय टमू कुंवर को पुरस्कृत किया गया। छात्रों ने कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रों और श्लोकों का सस्वर उच्चारण प्रस्तुत किया। आभार हर्षिता वया ने व्यक्त किया। संस्कृत भाषा में सम्पन्न हुआ यह आयोजन विद्यार्थियों में संस्कृत के प्रति जागरूकता और शिक्षा के प्रति सजगता को सामने लाया।

Tags: