खेरवाड़ा। जनवादी मजदूर यूनियन की केंद्रीय समिति की बैठक में यूनियन का संभागीय सम्मेलन आगामी अक्टूबर क्रांति दिवस पर उदयपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में क्षेत्र में बरसात की कमी को लेकर चिंता जताई गई और आगामी समय में अनाज, चारा एवं पानी का संकट गहराने की आशंका व्यक्त की गई। इसका मजदूरों एवं गरीब किसानों पर गंभीर प्रभाव पड़ने की बात कही गई।

बैठक में विभिन्न वर्गों के मजदूरों की समस्याओं के साथ उनके आर्थिक एवं राजनीतिक कारणों पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सम्मेलन से पूर्व सदस्यता नवीनीकरण अभियान चलाने तथा यूनियन से संबंधित सभी शाखाओं की कमेटियों का पुनर्गठन करने का निर्णय भी लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि संभागीय सम्मेलन में मजदूरों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आगामी रणनीति तय की जाएगी। इससे पहले सदस्यता नवीनीकरण और शाखा कमेटियों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बैठक में नयागांव, खेरवाड़ा, केसरियाजी एवं उदयपुर सहित केंद्रीय कमेटी के सभी प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जनवादी मजदूर यूनियन के संरक्षक डीएस पालीवाल ने की, जबकि संचालन संभागीय सचिव जयंती लाल मीणा ने किया। अक्टूबर क्रांति दिवस पर उदयपुर में प्रस्तावित संभागीय सम्मेलन को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियों की दिशा तय कर दी गई है।

Tags: