पुष्कर उपजिला अस्पताल की इमरजेंसी बेहाल, आईवी सेट के बाद शुगर स्ट्रिप और एक्सरे फिल्म भी खत्म
पुष्कर अस्पताल की इमरजेंसी में आईवी सेट के बाद शुगर स्ट्रिप और एक्सरे फिल्म की कमी से मरीज परेशान, तालाबंदी की नौबत आई।
रामदेवरा मेले के चलते तीर्थनगरी पुष्कर में इन दिनों हजारों श्रद्धालुओं और जातरुओं का आवागमन हो रहा है। दिनभर ही नहीं, देर रात तक बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पुष्कर अस्पताल की इमरजेंसी पहुंच रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या के बीच अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्थाएं खुद संकट में नजर आ रही हैं। हालात यह हैं कि मरीजों को जरूरी चिकित्सा सामग्री तक उपलब्ध नहीं हो रही और उन्हें बाजार से सामान खरीदकर लाने के लिए कहा जा रहा है।
आईवी सेट की कमी के बाद अब शुगर जांच की स्ट्रिप और एक्सरे फिल्म भी खत्म होने की शिकायत सामने आई है। इसके चलते मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें न केवल दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं, बल्कि बाहर से चिकित्सा सामग्री खरीदने के कारण आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। मौसमी बीमारियों के चलते भी अस्पताल में मरीजों की भारी भीड़ पड़ रही है और उपचार के लिए मरीजों को दर-दर की ठोकरें खाने की स्थिति बन रही है।
गुरुवार को भी पुष्कर अस्पताल में रामदेवरा के जातरुओं सहित पुष्कर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। मरीजों की भीड़ के बीच उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी विकट हो गई कि लोगों में जबरदस्त आक्रोश उत्पन्न हो गया और अस्पताल में तालाबंदी तक की नौबत आ गई।
लोगों ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों को फोन कर समस्या से अवगत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे चुनावों में व्यस्त नजर आए। वहीं, अधिकारियों ने भी पल्ला झाड़ लिया। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर मरीजों और आमजन में नाराजगी बढ़ती गई।
आईवी सेट की कमी के साथ अब अस्पताल की इमरजेंसी में शुगर जांच के लिए जरूरी स्ट्रिप उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी सामने आई है। इमरजेंसी में पहुंचने वाले शुगर मरीजों को जांच के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। ऐसे मरीजों और उनके परिजनों को भी बाहर से आवश्यक सामग्री की व्यवस्था करने की स्थिति बन रही है। इसके अलावा एक्सरे फिल्म खत्म होने की बात भी सामने आई है, जिससे अस्पताल में आने वाले मरीजों की परेशानियां और बढ़ गई हैं।
पुष्कर अस्पताल को सीएचसी से उप जिला अस्पताल का दर्जा मिलने के बाद क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुदृढ़ चिकित्सा सुविधाओं की उम्मीद जगी थी। लेकिन इमरजेंसी में मरीजों को आईवी सेट, शुगर जांच की स्ट्रिप और एक्सरे फिल्म जैसी बुनियादी चिकित्सा सामग्री के लिए बाजार भेजे जाने की स्थिति अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।
आमजन ने मांग की है कि रामदेवरा मेले के दौरान पुष्कर में आने वाले जातरुओं और क्षेत्र के मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए चिकित्सा प्रशासन तत्काल आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध करवाए। वहीं, उपखंड प्रशासन को भी मेले के दौरान बढ़ने वाले यात्री दबाव को देखते हुए अस्पताल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करनी चाहिए।