सायरा में 1323 किलो डोडा चूरा जब्त, 1.98 करोड़ का माल और दो वाहन पकड़े
सायरा में पुलिस ने 1323.740 किलो डोडा चूरा जब्त किया। 1.98 करोड़ के माल के साथ दो वाहन, फर्जी नंबर प्लेट और दस्तावेज मिले।
तस्वीर में दिख रहे पुलिसकर्मी और अन्य लोग बोरियों के ढेर तथा सफेद कार के सामने खड़े हैं।
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1323.740 किलोग्राम अवैध डोडा चूरा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत करीब 01 करोड़ 98 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक टोयोटा ईटियोस कार और एक बोलेरो पिकअप वाहन भी जब्त किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक, उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मुख्यालय श्री मुकुल शर्मा और वृत्ताधिकारी वृत्त गिर्वा श्री छगन पुरोहित के सुपरविजन में थानाधिकारी सायरा श्री शैतान सिंह नाथावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई को अंजाम दिया।
थानाधिकारी सायरा को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना मिली थी कि मग्गा से काम्बा जाने वाली रोड पर घाटे के अंदर कुछ तस्कर कट्टों से भरी गाड़ियों के साथ मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक सफेद रंग की ईटियोस कार नंबर RJ 19 TA 2171 और एक सफेद रंग की बोलेरो पिकअप खड़ी दिखाई दी।
पुलिस को देखकर गाड़ियों में मौजूद तस्कर अंधेरे और पहाड़ी क्षेत्र का फायदा उठाकर झाड़ियों की तरफ भागने में सफल रहे। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों वाहनों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के कट्टों में भरा भारी मात्रा में अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 66 कट्टे जब्त किए, जिनका कुल वजन 1323.740 किलोग्राम पाया गया।
वाहनों की तलाशी के दौरान पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन, आधार कार्ड, फर्जी नंबर प्लेटें और अन्य संदिग्ध दस्तावेज भी मिले। पुलिस ने एन.डी.पी.एस. एक्ट की धारा 08/15 के तहत मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामले का अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सायरा श्री शैतान सिंह नाथावत, सउनि श्री राजेन्द्र सिंह, हैड कानि. 1939 श्री रामदयाल, हैड कानि. 2771 श्री नरेन्द्रसिंह, कानि. 557 श्री रूपाराम, कानि. 3109 श्री लोकेन्द्र सिंह, चालक कानि. 275 श्री गुमान सिंह, कानि. 693 श्री पुष्पराज सिंह, कानि. 1058 श्री काना पुरी और चालक कानि. श्री मुकेश शामिल रहे। इनमें कानि. 3109 श्री लोकेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध डोडा चूरा के साथ तस्करी में प्रयुक्त दो वाहन बरामद हुए हैं, जबकि मौके से फरार हुए अज्ञात आरोपियों की तलाश और मामले का अग्रिम अनुसंधान जारी है।