तीन पीढ़ियों ने एक साथ डाला वोट, गोद में चौथी पीढ़ी बनी लोकतंत्र की साक्षी
उदयपुर में नगर निगम चुनाव के दौरान डॉ. विजय विप्लवी के परिवार की तीन पीढ़ियों ने मतदान किया, जबकि चौथी पीढ़ी का राघव भी साथ मौजूद रहा।
तस्वीर में एक परिवार के सदस्य मतदान केंद्र के बाहर अपनी उंगली पर स्याही का निशान दिखाते हुए नजर आ रहे हैं।
नगर निगम चुनाव 2026 के दौरान सेक्टर-4 स्थित ज्ञान मंदिर स्कूल में मतदान का एक अनूठा पारिवारिक दृश्य सामने आया, जब भाजपा के पूर्व पार्षद डॉ. विजय विप्लवी के परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ मतदान किया। इस दौरान परिवार की चौथी पीढ़ी का नन्हा सदस्य भी उनके साथ गोद में मौजूद रहा और लोकतंत्र के इस महापर्व का साक्षी बना।
पूर्व पार्षद डॉ. विजय विप्लवी अपने पिताजी पुष्करलाल शर्मा, धर्मपत्नी लक्ष्मी शर्मा तथा पुत्र अभिषेक शर्मा एवं सौरभ शर्मा के साथ मतदान केंद्र पहुंचे और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस दौरान उनकी पुत्रवधू भी परिवार के साथ मतदान केंद्र पर उपस्थित रहीं।
परिवार की चौथी पीढ़ी के नन्हे सदस्य पौत्र राघव को डॉ. विजय विप्लवी ने अपनी गोद में लेकर मतदान केंद्र पर मौजूदगी दर्ज कराई। इस तरह तीन पीढ़ियों के एक साथ मतदान और चौथी पीढ़ी की उपस्थिति ने परिवार की लोकतांत्रिक सहभागिता को यादगार बना दिया।
डॉ. विप्लवी ने कहा कि मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक का महत्वपूर्ण दायित्व भी है। उन्होंने कहा कि परिवार की तीन पीढ़ियों का एक साथ मतदान करना इस बात का प्रतीक है कि लोकतांत्रिक मूल्यों और मताधिकार के प्रति जागरूकता पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रहे।