माउंट आबू में एलआईसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य सलाहकारों का सम्मेलन, 500 से अधिक सलाहकार हुए शामिल
माउंट आबू में एलआईसी उत्तर क्षेत्र के मुख्य सलाहकारों का सम्मेलन संपन्न हुआ। 500 से अधिक सलाहकार शामिल हुए और राजस्थानी कलाकारों ने प्रस्तुतियां दीं।
माउंट आबू के हमिंग बर्ड रिसॉर्ट में एलआईसी उत्तर क्षेत्र सम्मेलन के दौरान मंच के सामने खड़े एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव चंद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी।
माउंट आबू में भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के उत्तर क्षेत्र के मुख्य सलाहकारों का सम्मान समारोह एवं राखी सांस्कृतिक महोत्सव भव्य आयोजन के साथ संपन्न हुआ। हमिंग बर्ड में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के 500 से अधिक मुख्य बीमा सलाहकारों ने भाग लिया। राखी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में राजस्थानी कलाकारों ने सुंदर प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर गौरव चंद ने कहा कि एलआईसी से जुड़ना गौरव की बात है। यह देश का सबसे बड़ा आर्थिक उपक्रम है, जिसकी देश में 2000 से अधिक शाखाएं अपनी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने कहा कि स्टेट बैंक ऑफ इंडिया से 21 गुना 59 लाख करोड़ का यह उपक्रम पूरे विश्व में अपनी नई पहचान रखता है।
गौरव चंद ने कहा कि माउंट आबू में उत्तर क्षेत्र के इस सम्मान एवं सम्मेलन में शामिल होकर उन्हें गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने माउंट आबू का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वह स्थान है जो स्कंद पुराण में वर्णित है और विश्व प्रसिद्ध है। माउंट आबू देश के लोगों की आत्मा है। यह मां अर्बुदा का कात्यायनी का स्थान है, अर्ध काशी है और शिव की अनोखी महिमा है। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने पहली बार माउंट आबू को देखा और उन्हें नहीं लगता कि यहां जैसी शांति कहीं और मिलेगी।
इस अवसर पर उत्तर क्षेत्र के जोनल मैनेजर नरवीर सिंह राघव ने कहा कि माउंट आबू में आयोजित सम्मान समारोह में शामिल हुए उत्तर क्षेत्र के मुख्य बीमा सलाहकारों का वे हृदय से स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि माउंट आबू ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है और ऐसे शांत स्थान पर राखी से पूर्व यह आयोजन आपसी सद्भाव एवं भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि छह राज्यों के मुख्य सलाहकारों के सम्मान समारोह में उपस्थित होकर उन्हें काफी गर्व महसूस हो रहा है।
कार्यक्रम में उत्तर क्षेत्र के रीजनल मैनेजर एमजी भाटी और जोधपुर डिवीजन के सीनियर डिवीजन मैनेजर राजीव गोसाई ने भी संबोधित किया। सभी अतिथियों ने मंच पर उत्तर क्षेत्र के मुख्य बीमा सलाहकारों को सम्मानित किया। इससे पूर्व सभी अधिकारियों ने माउंट आबू में आयोजित उत्तर क्षेत्र के मुख्य बीमा सलाहकार, प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधकों के सम्मेलन को भी संबोधित किया।
राखी के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक महोत्सव में राजस्थानी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप दिया। सम्मान समारोह, सम्मेलन और सांस्कृतिक आयोजन में उत्तर क्षेत्र के छह राज्यों से आए मुख्य बीमा सलाहकारों की सहभागिता रही।