तस्वीर में डीपीएस आबू रोड के खेल मैदान में राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट खिलाड़ी, अकादमी संचालक और विद्यालय के छात्र समूह में नजर आ रहे हैं।

दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS) आबू रोड में विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित क्रिकेट खिलाड़ियों से रूबरू होने और उनसे सीखने का विशेष अवसर मिला। विद्यालय में रवि बिश्नोई, भारत अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान एवं रेलवे के प्रथम श्रेणी क्रिकेटर सूरज आहूजा, इंडिया ग्रीन का प्रतिनिधित्व कर चुके एवं न्यूजीलैंड में क्रिकेट का अनुभव रखने वाले रजत चौधरी तथा आईपीएल खिलाड़ी एवं राजस्थान के प्रथम श्रेणी क्रिकेटर शुभम गढ़वाल पहुंचे। इस दौरान स्पार्टन क्रिकेट एकेडमी के संचालक प्रद्युत सिंह भी मौजूद रहे।

DPS आबू रोड ने विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय एवं प्रोफेशनल क्रिकेट प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अकादमी की सेवाएं ली हैं। विद्यालय में पहुंचे खिलाड़ियों ने विद्यार्थियों के साथ अपने क्रिकेट जीवन के अनुभव साझा किए। उन्होंने अनुशासन, नियमित अभ्यास, फिटनेस, मानसिक मजबूती, टीम भावना और लक्ष्य के प्रति समर्पण को सफलता की कुंजी बताया।

इस दौरान विद्यार्थियों ने भी खिलाड़ियों से क्रिकेट करियर, प्रशिक्षण और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं से जुड़े सवाल पूछे। प्रतिष्ठित क्रिकेट खिलाड़ियों को अपने बीच पाकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए यह संवाद बेहद प्रेरणादायक रहा।

विद्यालय के संस्थापक प्रवीण सिंह सोढ़ा ने कहा कि विद्यार्थियों को कक्षा से बाहर सफल खिलाड़ियों एवं व्यक्तित्वों से सीधे सीखने के अवसर उपलब्ध कराना विद्यालय की प्राथमिकता है। वहीं प्रधानाचार्य राजन सेठी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करते हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, DPS आबू रोड का लक्ष्य शिक्षा के साथ-साथ खेल, नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास के क्षेत्र में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर का exposure उपलब्ध कराना है। Spartan Cricket Academy के साथ जुड़ाव इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रतिष्ठित क्रिकेट खिलाड़ियों का विद्यालय आगमन विद्यार्थियों के लिए यादगार और प्रेरणादायक अवसर बना।

Tags: