तस्वीर में आबूराज में आयोजित भाजपा नगर मंडल की बैठक में मंच पर बैठे पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।

आबूराज में आगामी नगर निकाय चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर भाजपा नगर मंडल की महत्वपूर्ण चुनावी बैठक आयोजित हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने और प्रत्येक वार्ड में जनसंपर्क अभियान तेज करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सैनी ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसका बूथ कार्यकर्ता है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से अपने वार्ड में कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और पन्ना प्रमुख की टीम को पूरी तरह मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का गहन अध्ययन कर हर घर तक संपर्क करना है तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है।

वरिष्ठ भाजपा नेता एवं संभाग प्रभारी ओंकार सिंह लखावत ने कहा कि भाजपा अनुशासन और संगठन के बल पर चलने वाली पार्टी है। संगठन ही पार्टी की असली शक्ति है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी मतभेद भुलाकर एकजुटता से काम करेंगे तो आबूराज में फिर से भाजपा का बोर्ड बनना तय है।

किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में प्रत्याशी के चयन को लेकर संवाद किया।

लोकसभा सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ने आबू पर्वत में बजट देने में कोई कमी नहीं रखी है। उन्होंने बताया कि गत महीने मुख्यमंत्री ने आबू विकास समिति की भी बैठक ली है, जिससे निश्चित रूप से आबू के विकास को नए पंख लगेंगे।


 


भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी ने कहा कि इस निकाय चुनाव में महिला और युवा कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम रहने वाली है। महिला मोर्चा और युवा मोर्चा को हर वार्ड में अभी से सक्रिय हो जाना चाहिए। घर-घर जनसंपर्क, महिला मतदाताओं से संवाद और युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का काम तेज किया जाए।

निकाय प्रभारी दानाराम चौधरी ने बताया कि आगामी दिनों में वार्ड स्तर पर बैठकें, मोर्चा की बैठक, प्रबुद्ध जनों से संपर्क और लाभार्थी संपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है।

बैठक को अजीत माड़न, पूर्व विधायक हेमराज मीणा, जिला सह प्रभारी आवड दान चारण और मंडल अध्यक्ष अक्षय चौहान ने भी संबोधित किया।

इस दौरान नगर मंडल के पदाधिकारी, पार्षद, शक्ति केंद्र संयोजक सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आवेदक उपस्थित रहे।

Tags: