तस्वीर में मंत्री ओटाराम देवासी और अन्य लोग सिरोही में एक प्रेस वार्ता के दौरान बैठे हुए दिखाई दे रहे हैं।

सिरोही जिला मुख्यालय स्थित राम झरोखा मंदिर के पास की विवादित भूमि के मामले में मंत्री ओटाराम देवासी ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत कर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जल्द पूरी होगी और जांच के बाद “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।

मंत्री देवासी ने पूर्व विधायक संयम लोढ़ा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लोगों को गुमराह कर “बाप-बेटा पट्टा चोर” जैसे नारे लगवाए गए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पूर्व विधायक उनके या उनके बेटे के नाम जारी किसी भी पट्टे को सार्वजनिक करें।

देवासी ने कहा कि सिरोही शहर ही नहीं, बल्कि पूरे जिले में उनकी एक इंच भी भूमि नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ झूठ और मिथ्या प्रचार किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि कुछ लोग झूठ के सहारे निकाय चुनाव जीतने के सपने देख रहे हैं।

मंत्री ओटाराम देवासी ने वर्ष 2021 से 2023 के बीच मंदिरों की भूमि पर जारी हुई लीज को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने अरिहंत मेडिकल की लीज का मुद्दा उठाते हुए इसकी जांच की बात कही। वहीं, कांग्रेस नगर अध्यक्ष के पेट्रोल पंप से जुड़ी भूमि को भी मंदिर की भूमि बताते हुए उन्होंने सवाल खड़े किए।

मंत्री देवासी ने कहा कि वर्ष 2001 से 2003 और 2021 से 2023 के दौरान जारी हुई लीज और भूमि आवंटन से जुड़े मामलों की भी जांच होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ जाएगी।

Tags: