तस्वीर में थड़ोली पंचायत में पदभार ग्रहण के दौरान सरपंच रामधन बैंसला का स्वागत करते ग्रामीण।

सवाईमाधोपुर। ग्राम पंचायत थड़ोली में नवनिर्वाचित सरपंच रामधन बैंसला ने बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने साफा और माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। पदभार ग्रहण समारोह में ग्रामीणों की उपस्थिति के बीच उन्होंने पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास का संकल्प व्यक्त किया।

पदभार संभालने के बाद सरपंच रामधन बैंसला ने सभी मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्राम पंचायत में बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग और प्रत्येक मोहल्ले का विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत के विकास कार्यों में सभी की भागीदारी जरूरी है। इसके लिए उन्होंने ग्रामीणों से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने और गांव के विकास में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर उपसरपंच शान्ति देवी, ग्राम विकास अधिकारी विक्रम सिंह गुर्जर, जूनियर असिस्टेंट रामराज गुर्जर, पूर्व सरपंच कजोडी देवी, विरेन्द्र शर्मा, राजेश शर्मा, ब्रह्मप्रकाश, आशाराम, देवराज, शिवप्रकाश, सुनील सहित सभी वार्ड मेंबर और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।

रामधन बैंसला के पदभार ग्रहण के साथ ही ग्राम पंचायत थड़ोली में विकास कार्यों को लेकर नई जिम्मेदारी की शुरुआत हुई। उन्होंने सभी वर्गों को साथ लेकर बिना भेदभाव पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

Tags: