सवाई माधोपुर जिला कारागृह में आयोजित चिकित्सा शिविर में बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण करते डॉक्टर

सवाई माधोपुर जिला कारागृह में निरुद्ध बंदियों के स्वास्थ्य और उपचार को लेकर मंगलवार, 17 नवम्बर को विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। ‘स्पंदन : कारागृह स्वास्थ्य देखभाल अभियान स्वास्थ्य, आशा और मानवता’ के तहत आयोजित इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 31 बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इनमें से पांच बंदियों को बेहतर उपचार और आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर भेजा गया।

जिला कारागृह से मिली जानकारी के अनुसार, बंदियों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से आयोजित शिविर में पांच सदस्यीय विशेषज्ञ चिकित्सक दल ने अपनी सेवाएं दीं। इस दल में फिजिशियन, मनोरोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, नाक-कान-गला रोग विशेषज्ञ तथा त्वचा रोग विशेषज्ञ शामिल रहे।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बंदियों की स्वास्थ्य जांच कर उनकी आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया। शिविर के दौरान कुल 31 बंदियों का परीक्षण किया गया। वहीं, बेहतर उपचार और आगे की चिकित्सकीय जांच की आवश्यकता को देखते हुए पांच बंदियों को सामान्य चिकित्सालय सवाई माधोपुर रेफर किया गया।

‘स्पंदन’ अभियान का मुख्य उद्देश्य कारागृह में निरुद्ध बंदियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के साथ उनके शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना है। विशेष चिकित्सा शिविर के माध्यम से बंदियों को विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं और आवश्यक उपचार संबंधी परामर्श उपलब्ध कराया गया।

Tags: