गोपाष्टमी पर श्री गोपाल गौशाला समिति के चुनाव, अरविंद अग्रवाल बने अध्यक्ष
| दशहरा मैदान शाखा में गोपाष्टमी पर्व पर गौ पूजन और गौभक्त अधिवेशन का आयोजन हुआ, जिसमें नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन किया गया।
दशहरा मैदान शाखा में गोपाष्टमी पर्व पर आयोजित गौभक्त अधिवेशन में उपस्थित समिति के पदाधिकारी व सदस्य।
श्री गोपाल गौशाला समिति की दशहरा मैदान शाखा में गोपाष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गौ पूजन, गौ आरती और गौभक्त अधिवेशन सहित विभिन्न धार्मिक एवं संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं, समिति के द्विवार्षिक चुनाव में अरविंद अग्रवाल एडवोकेट को सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित किया गया।
श्री गोपाल गौशाला समिति के महामंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने बताया कि गोपाष्टमी के अवसर पर एक दिन पूर्व गौशाला परिसर में हवन किया गया। इसके बाद गौशाला कार्यकारिणी ने गौभक्तों के साथ विधि-विधान से गौ पूजन कर गौ आरती की तथा शहर की सुख-समृद्धि की कामना की। दशहरा मैदान स्थित गौशाला में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने पहुंचकर गौमाता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान गौमाता को साड़ी पहनाकर श्रृंगार सामग्री भेंट की गई। गौभक्तों ने गौशाला में गुड़, खल, आटा सहित अन्य सामग्री और नकद राशि का दान भी किया।
दोपहर में गौशाला परिसर में गौभक्त अधिवेशन आयोजित किया गया। इसमें जगदीश हेमनानी मुख्य अतिथि, सीताराम बर्तन वाले कार्यक्रम अध्यक्ष तथा उपनिदेशक डॉक्टर योगेश शर्मा, विशंभर हलवाई और चंचल जगवानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजेंद्र कुसुम ने किया। अतिथियों ने अपने संबोधन में गौसंवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला।
अधिवेशन के दौरान चुनाव संयोजक घनश्याम रावत एवं गोपीनाथ चर्चित के संयोजन में समिति के द्विवार्षिक चुनाव संपन्न कराए गए। चुनाव में सर्वसम्मति से अरविंद अग्रवाल एडवोकेट को अध्यक्ष, कृपाशंकर उपाध्याय को उपाध्यक्ष, ओमप्रकाश गुप्ता पीएनबी को महामंत्री, रामबाबू शर्मा को मंत्री तथा इंद्रदेव गुप्ता को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
गौ पूजन एवं गौभक्त अधिवेशन में अतिथियों के साथ गौशाला अध्यक्ष विजय गोयल, महामंत्री कृपाशंकर उपाध्याय, कोषाध्यक्ष इंद्रदेव गुप्ता, मंत्री ओमप्रकाश गुप्ता पीएनबी, घनश्याम रावत, कुशल खूंटेटा, सुधा गुप्ता, राधा दीक्षित, पूनम जगवानी, सुरेश सैकटरी, प्रसन्न सुराणा, गोपीनाथ चर्चित, व्यवस्थापक अंकित गोयल, महेश शर्मा पूर्व प्रिंसिपल, रामबाबू शर्मा, श्याम सुंदर शर्मा, आनंद कुमार शर्मा, राजेंद्र कुसुम और आचार्य मनु शर्मा सहित अनेक गौभक्त मौजूद रहे।
गोपाष्टमी के धार्मिक आयोजनों के साथ संपन्न हुए द्विवार्षिक चुनाव में नई कार्यकारिणी का निर्विरोध गठन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।