सवाई माधोपुर की जीनापुर ग्राम पंचायत में मंगलवार को नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि को प्रमाण पत्र सौंपते अधिकारी।

सवाई माधोपुर। पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 की मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने प्रदेश के मतदाताओं का आभार जताते हुए चुनाव में सहयोग करने वाले प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायती राज जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए जनता के विश्वास पर खरा उतरने और पूरी निष्ठा से जनकल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह मंगलवार को सवाई माधोपुर की जीनापुर ग्राम पंचायत में उप सरपंच पद के चुनाव की प्रक्रिया का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया का अवलोकन किया और नवनिर्वाचित सरपंच एवं उपसरपंच को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किए। उन्होंने दोनों नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत आमजन का विश्वास हासिल कर उन्होंने यह पद प्राप्त किया है। अब उसी भावना और मनोयोग के साथ जनता के कल्याण के लिए कार्य करना उनकी जिम्मेदारी है।

सिंह ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के सफल आयोजन पर राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं का भी धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में जिला परिषद, पंचायत समिति, ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंच सदस्यों के लिए मतदान आमतौर पर निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साह और सद्भावना के साथ भागीदारी निभाने वाले मतदाता तथा चुनाव प्रक्रिया संचालित करने वाली पूरी प्रशासनिक टीम बधाई की पात्र है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सवाई माधोपुर जिले में चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम और जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों के नेतृत्व में जिला प्रशासन और पुलिस ने बेहतरीन चुनाव प्रबंधन की मिसाल पेश की। चुनाव के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस कार्मिकों ने उत्कृष्ट सेवाएं दीं और सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाओं को कार्यकुशलता के साथ पूरा किया।

सिंह ने कहा कि पंचायती राज चुनावों के दौरान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने में मतदाताओं से लेकर प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रदेश में चुनावी प्रक्रिया का शांतिपूर्वक संपन्न होना लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभागीदारी और प्रशासनिक समन्वय को दर्शाता है।

Tags: