गंगापुर सिटी के डॉ. आशीष कुमार शर्मा काठमांडू में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
| लायंस अंतर्राष्ट्रीय के प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम LCIP के लिए लायंस प्रान्त 3233E1 से चयनित होने वाले वे प्रथम सदस्य बने हैं।
गंगापुर सिटी के लायंस क्लब सदस्य एवं पूर्व रीजन चेयरपर्सन PMJF लायन डॉ. आशीष कुमार शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। लायंस अंतर्राष्ट्रीय की ओर से आगामी जनवरी माह में नेपाल की राजधानी काठमांडू में आयोजित होने वाले सर्वोच्च प्रशिक्षण कार्यक्रम LCIP (लायंस सर्टिफाइड इंस्ट्रक्टर प्रोग्राम) के लिए उनका चयन किया गया है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में डॉ. शर्मा लायंस प्रान्त 3233E1 के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
लायंस प्रान्त 3233E1 के रीजन चेयरपर्सन MJF लायन पंकज मंगलम ने बताया कि लायंस अंतर्राष्ट्रीय के संवैधानिक क्षेत्र 6 के अंतर्गत भारत के अलावा मध्य पूर्व के अरब देशों और दक्षिण एशिया के कुल 14 देशों के केवल 30 लायन सदस्यों को इस कार्यक्रम में शामिल होकर नेतृत्व संबंधी प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलता है। भारत से चयनित चुनिंदा लायन सदस्यों में PMJF लायन डॉ. आशीष कुमार शर्मा भी शामिल हैं। विशेष बात यह है कि प्रान्त 3233E1 से इस प्रतिष्ठित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयनित होने वाले वे प्रथम लायन सदस्य हैं। उनका चयन पूरे प्रान्त के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. आशीष कुमार शर्मा वर्तमान में वाणिज्यिक कर विभाग, गंगापुर सिटी में राज्य कर अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। इससे पहले भी वे वर्ष 2019 में विशाखापत्तनम में आयोजित इमर्जिंग लायन लीडरशिप इंस्टीट्यूट में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस कार्यक्रम में 64 देशों के लायन सदस्यों ने भाग लिया था। इसके अतिरिक्त वर्ष 2025 में काठमांडू में आयोजित फैकल्टी डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
लायन शर्मा पिछले 9 वर्षों से लायंस क्लब के विभिन्न पदों की जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। इस दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई मेडल और प्रशस्ति पत्र भी प्राप्त हुए हैं। नेतृत्व एवं प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनके अनुभव को देखते हुए LCIP के लिए उनका चयन महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
लायंस क्लब गरिमा के अध्यक्ष लायन ओमप्रकाश अग्रवाल तथा पूर्व अध्यक्ष एवं सभापति नगर परिषद गंगापुर सिटी लायन कृष्ण कुमार गोयल ने डॉ. शर्मा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने समूचे गरिमा परिवार की ओर से उन्हें बधाई देते हुए लायनवाद में निरंतर उत्तरोत्तर प्रगति की शुभकामनाएं दीं।
लायंस क्लब गरिमा के सचिव लायन वीरेंद्र कुमार आर्य ने प्रेस नोट जारी कर यह जानकारी दी। डॉ. आशीष कुमार शर्मा का LCIP के लिए चयन न केवल उनके लिए, बल्कि लायंस प्रान्त 3233E1 के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। जनवरी में काठमांडू में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में वे भारत की ओर से अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।