बौंली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, छात्रों को मिले अधिकार
| छात्रों को सुरक्षित माहौल, पॉश एक्ट और कानूनी सहायता योजनाओं की दी गई जानकारी
बौंली के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में उपस्थित विद्यार्थी व शिक्षक।
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के अध्यक्ष और सचिव के निर्देशानुसार तालुका विधिक समिति बौंली के तत्वावधान में 17 नवंबर 2026 को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बौंली में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे के अवसर पर आयोजित इस शिविर में विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण, अपने अधिकारों की रक्षा और विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया गया।
तालुका अध्यक्ष विकास नेहरा की अध्यक्षता में आयोजित शिविर की थीम "सुरक्षित स्थान, जहां सपनों को पंख मिलते हैं" रही। इस दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाएं और अपनी सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़े रहें। साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि जहां शिक्षा होती है, वहां कोई बच्चा असुरक्षित नहीं होना चाहिए।
तालुका अध्यक्ष विकास नेहरा ने स्थायी लोक अदालत, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संबंधित पॉश एक्ट, पीड़ित प्रतिकर योजना, नालसा डॉन योजना 2025 के अंतर्गत नशे के दुष्परिणामों तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मध्यस्थता कार्यक्रम, निशुल्क विधिक सहायता, एल.ए.डी.सी. योजना और मध्यस्थता अभियान 3.0 के तहत पारिवारिक मामलों में आपसी समझाइश के माध्यम से प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।
शिविर में पैनल अधिवक्ता अनिल कुमार शर्मा, मोहम्मद जाहिद शिर्वानी तथा अधिकार मित्र बामचंद भदोरिया और देवनारायण गुर्जर ने विभिन्न कानूनी विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने स्थायी लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना, प्रारंभिक गर्भावस्था के दुष्प्रभावों, मातृ स्वास्थ्य से जुड़े मुद्दों और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही जबरन श्रम एवं हिंसा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने सड़क सुरक्षा और दुर्घटना दावों के संबंध में कानूनी जागरूकता प्रदान करते हुए दुर्घटना मुआवजा दावों, बीमा प्रक्रियाओं और उपलब्ध कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से समझाया। विद्यार्थियों को बाल विवाह की रोकथाम, शिक्षा के कानूनी अधिकारों और मध्यस्थता कार्यक्रम के महत्व से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कार्यवाहक प्रधानाचार्य धर्मसिंह बैरवा, तालुका सचिव गणपत सैनी, विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ विभिन्न विधिक सहायता योजनाओं एवं विवादों के समाधान की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।