ग्रामीण शिक्षा का संबल: श्यामपुरा स्कूल में आधारभूत विकास के लिए मिले 1.05 लाख रुपए
सवाई माधोपुर के श्यामपुरा सरकारी स्कूल को जनसहयोग और राज्यांश मिलाकर मिले 1.05 लाख रुपए। जानिए किस तरह पूर्व छात्र और सेवानिवृत्त शिक्षक के योगदान से बदलेगी विद्यालय की तस्वीर।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यामपुरा के विकास के लिए गोविंद प्रसाद गुप्ता और रवि मीणा ने 21-21 हजार रुपए का जनसहयोग दिया।
सवाई माधोपुर जिले में शिक्षा के स्तर में सुधार और शासकीय विद्यालयों के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित अभिनव पहल भविष्य की उड़ान तथा मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय श्यामपुरा के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर जनसहयोग की अनुकरणीय मिसाल पेश की गई है। विद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक गोविंद प्रसाद गुप्ता और पूर्व छात्र एवं स्थानीय निवासी रवि मीणा ने 21-21 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की है। प्राप्त कुल 42 हजार रुपए का चेक मुख्यमंत्री जनसहभागिता विद्यालय विकास योजना के तहत जमा कराने हेतु प्रधानाचार्या अनीता मीणा ने मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी देवी लाल मीणा और अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा हरकेश मीणा को सौंपा।
इस अवसर पर एडीपीसी समग्र शिक्षा हरकेश मीणा ने कहा कि स्थानीय समुदाय एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी से शैक्षणिक क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन आ रहे हैं। जनसहयोग के माध्यम से विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है, जिससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल रहा है। समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी हेमराज मीणा ने योजना के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि 42 हजार रुपए की जनसहयोग राशि पर राज्य सरकार की ओर से लगभग 63 हजार रुपए का अतिरिक्त राज्यांश उपलब्ध कराया जाएगा।
इस प्रकार विद्यालय के विकास कार्यों के लिए कुल लगभग 1.05 लाख रुपए की बजट राशि उपलब्ध होगी। इस राशि का उपयोग विद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगाने, कंप्यूटर तथा प्रिंटर खरीदने एवं अन्य आवश्यक भौतिक संसाधनों के विकास में किया जाएगा। चेक हस्तांतरण कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक शिव चरण तथा सहायक जिला शिक्षा अधिकारी संतोष मीणा सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।