राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026: सवाई माधोपुर में अध्यक्ष पद का बिगुल बजा
सवाई माधोपुर के नगर निकायों में अध्यक्षीय पद के चुनाव की लोक सूचना जारी। जानिए नामांकन की अंतिम तारीख, मतदान का समय और मतगणना का पूरा शेड्यूल।
नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत सवाई माधोपुर जिले के छह नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई; पहले दिन बौंली में एक आवेदन मिला।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर निकाय आम चुनाव 2026 के तहत अध्यक्षीय पदों के लिए 15 सितम्बर 2026 को लोक सूचना जारी कर दी गई है। इसके साथ ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर काना राम ने बताया कि नगर परिषद सवाई माधोपुर व गंगापुर सिटी सहित नगर पालिका खण्डार, बौंली, बामनवास और वजीरपुर में अध्यक्ष पद के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों द्वारा लोक सूचना जारी की गई है। नामांकन के पहले दिन केवल बौंली नगर पालिका में 1 आवेदन पत्र प्रस्तुत हुआ, जबकि अन्य नगरीय निकायों में कोई भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया।
घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 16 सितम्बर निर्धारित की गई है। इसके बाद 17 सितम्बर को प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जाएगी। चुनावी मैदान से नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितम्बर अपरान्ह् 3 बजे तक तय की गई है। अभ्यर्थिता वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के तुरंत बाद प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन कर दिया जाएगा। मतदान 21 सितम्बर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा और मतदान प्रक्रिया पूरी होते ही 21 सितम्बर को ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।